शिक्षामित्रों को मंजूर नहीं योगी सरकार का फैसला, 10000 रुपए मानदेय के खिलाफ करेंगे आंदोलन!
लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए शिक्षामित्रों का मानदेय 3500 रुपए से बढ़ाकर 10000 रुपए मासिक कर दिया है। वहीं शिक्षामित्र इस फैसले से खुश नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने इस मामले को लेकर एक बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। शिक्षामित्रों का कहना है कि इससे ज्यादा वेतन तो दैनिक मजदूर कमा लेते हैं। सोशल मीडिया पर भी शिक्षामित्र इस फैसले को लेकर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।

'करेंगे बड़ा आंदोलन'
योगी सरकार के इस फैसले के बाद उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के उपाध्यक्ष श्याम लाल ने कहा कि सरकार का यह फैसला शिक्षामित्रों को स्वीकार नहीं है। शिक्षामित्र बहुत जल्द इस मुद्दे को लेकर एक बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे भविष्य को लेकर प्रदेश सरकार बिल्कुल भी संवेदनशील नहीं है। एक दैनिक मजदूर भी 10 हजार रुपए से ज्यादा कमा लेता है। सरकार ने किस आधार पर मानदेय़ 10 हजार करने का फैसला किया है। हम इस मुद्दे को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर तक पैदल मार्च निकालेंगे।

सोशल मीडिया पर दिखाई नाराजगी
वहीं सोशल मीडिया पर भी शिक्षामित्र इस फैसले को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। फेसबुक पर एक यूजर ने लिखा है, 'शिक्षामित्रों को केवल 10000 रुपए का मानदेय। यूपी कैबिनेट का फैसला... इस फैसले के खिलाफ 'पे प्रोटेक्शन' के लिए कोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे।' एक अन्य शिक्षामित्र ने लिखा है, 'समझ में नहीं आता कि मूर्ख कौन है? सरकारी नीतियां या शिक्षामित्र, 10000 में क्या गुणवत्ता बढ़ेगी और 40000 हजार रुपए में क्या कम होगी? एक और यूजर ने लिखा, '10000 में शिक्षामित्र बनकर पढ़ाएंगे तो क्या किसी बच्चे का जीवन बर्बाद नहीं होगा? 38000 में बच्चों का जीवन बर्बाद कर रहे थे।' हालांकि कुछ यूजर इस फैसले का स्वागत भी कर रहे हैं। एक फेसबुक यूजर ने लिखा है, 'शिक्षा मित्र के अच्छे दिन, 35000 के बदले 10000 मिलेंगे। अब मानदेय 11 महीने का मिलेगा, बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र का वादा पूरा किया।'

सीएम योगी ने मंगलवार को लिया फैसला
गौरतलब है कि मंगलवार को योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा (अध्यापक) सेवा नियमावली में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए शिक्षामित्रों के मानदेय वृद्धि का रास्ता साफ कर दिया। अब यूपी के शिक्षामित्रों को 10 हजार रुपए मासिक मानदेय दिया जायेगा। पहले यह मानदेय 3500 रुपये था, जिसे 1 अगस्त 2017 से बढाकर 10 हजार रुपए कर दिया गया है। इस वृद्धि का लाभ प्रदेश के सभी 1,65,157 शिक्षा मित्रों को मिलेगा। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सहायक अध्यापक पद पर समायोजित 1.37 लाख शिक्षामित्रों को वापस शिक्षामित्र पद पर लौटा दिया गया था, जिसके बाद पूरे यूपी में शिक्षामित्रों ने उग्र प्रदर्शन किया था।












Click it and Unblock the Notifications