HOLI पर नहीं लगेगा बिजली का झटका, UP में रातों-रात घट गए दाम, ऊर्जा मंत्री ने अफसरों को दे दिए ये सख्त आदेश
UP Electricity Bill Price Cut: उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं (Electricity consumers) के लिए होली से ठीक पहले एक राहतभरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने मार्च 2026 के लिए ईंधन अधिभार शुल्क (Fuel Surcharge) की नई और घटी हुई दरें जारी कर दी हैं। इस फैसले से प्रदेश के लाखों परिवारों के बिजली बिल में सीधे तौर पर कमी देखने को मिलेगी।
यूपीपीसीएल के ताजा आदेश के अनुसार, दिसंबर 2025 की तुलना में मार्च 2026 के ईंधन अधिभार शुल्क में 2.42 प्रतिशत की बड़ी कटौती की गई है। इस फैसले से प्रदेश के उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने वाला बोझ कम होगा और जनता को लगभग 141.20 करोड़ रुपये का सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। विद्युत उपभोक्ता परिषद ने इसे बिजली दरों में गिरावट बताते हुए जनता की जीत करार दिया है।

UP में अब बिजली के बिल में मिलेगी राहत
बिजली बिलों में राहत का सिलसिला यहीं नहीं रुकता। उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष ने एक बड़ा मुद्दा उठाते हुए बताया कि टैरिफ आदेश में देरी के कारण पावर कार्पोरेशन पुराने रेट पर ही शुल्क वसूलता रहा। यह अतिरिक्त वसूली करीब 200 करोड़ रुपये की है। अब इस बड़ी धनराशि को उपभोक्ताओं के आने वाले बिलों में समायोजित (Adjust) कराने के लिए नियामक आयोग के सामने प्रभावी पैरवी की जा रही है।
क्या होली पर UP में कटेगी बिजली
एक तरफ जहां बिल कम हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने निर्बाध बिजली आपूर्ति के सख्त निर्देश दिए हैं। शक्ति भवन में हुई समीक्षा बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि होली के पावन पर्व पर पूरे प्रदेश में कहीं भी अनावश्यक बिजली कटौती नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी तरह की तकनीकी दुर्घटना को रोकने के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा है।
UP में गर्मियों के लिए प्लानिंग शुरू
मंत्री एके शर्मा ने सिर्फ होली ही नहीं बल्कि आने वाली गर्मियों के लिए भी कमर कस ली है। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि गर्मी शुरू होने से पहले ही ट्रांसफार्मर, केबल और लाइन के मेंटेनेंस का काम पूरा कर लिया जाए। तेल बदलने से लेकर तकनीकी मरम्मत तक के काम समय पर खत्म करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पीक सीजन में उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग या लो वोल्टेज की समस्या न झेलनी पड़े।












Click it and Unblock the Notifications