UP Election 2027: आज लखनऊ में सपा का सिख सम्मेलन, क्या है अखिलेश यादव की स्ट्रैटेजी? समझें मिनी पंजाब का गणित
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (UP Assembly Election 2027) को लेकर सूबे की सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी गोटियां बिछानी शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव एक बड़ा और रणनीतिक दांव चला है।
आज 2 जुलाई को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रांतीय कार्यालय में एक 'विशाल सिख सम्मेलन' का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन महज एक बैठक नहीं है, बल्कि पिछले कुछ दिनों से चल रही 'सिख समाज न्याय यात्रा' का भव्य समापन भी है।

इस कार्यक्रम के जरिए अखिलेश यादव सिख समुदाय को 'न्याय, सम्मान और भागीदारी' का भरोसा देकर पार्टी से जोड़ने की बड़ी मुहिम में जुटे हैं। आइए समझते हैं कि इस सम्मेलन के पीछे सपा का असली निशाना क्या है और यूपी चुनाव में सिख वोटर कितने महत्वपूर्ण हैं....
अखिलेश यादव के निशाने पर क्या है? समझें सपा की रणनीति
सपा की इस रणनीति के पीछे मुख्य रूप से 'सोशल इंजीनियरिंग' और BJP के वोट बैंक में सेंधमारी का प्लान है। अखिलेश यादव पिछले कुछ समय से 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सिख समुदाय को इस मोर्चे पर जोड़कर सपा अपने इस जनाधार को और व्यापक बनाना चाहती है।
इस सम्मेलन का मुख्य नारा ही "एकजुट सिख समाज: सम्मान, हक और न्याय हमारा अधिकार" रखा गया है। इसके जरिए सपा संदेश देना चाहती है कि वह अल्पसंख्यक और किसान बाहुल्य सिख समुदाय के हितों के साथ मजबूती से खड़ी है।
कितनी सीटों पर खेल बिगाड़ या बना सकते हैं सिख वोटर?
भले ही उत्तर प्रदेश में सिखों की आबादी कुल जनसंख्या की तुलना में कम नजर आती हो, लेकिन राज्य के कुछ खास भौगोलिक इलाकों और विधानसभा सीटों पर इनका प्रभाव इतना मजबूत है कि ये किसी भी दल की जीत-हार का फैसला कर सकते हैं।
BBC की एक रिपोर्ट के अनुसार, यूपी में सिख समुदाय मुख्य रूप से पांच जिलों- लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बिजनौर और रामपुर में बसा हुआ है।
लगभग 10-12 विधानसभा सीटों पर सीधा असर
इन पांचों जिलों की करीब 10 से 12 विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां सिख वोटर निर्णायक भूमिका में हैं। पीलीभीत की पूरनपुर, लखीमपुर की पलिया और निघासन जैसी सीटों पर सिख किसान और वोटर उम्मीदवारों की किस्मत तय करते हैं। 2011 की जनगणना के मुताबिक, यूपी में सिखों की आबादी लगभग 6,43,500 थी। हालांकि, यह आबादी पूरे प्रदेश में समान रूप से नहीं फैली है।
क्या बीजेपी के लिए भी अहम हैं सिख वोट?
उत्तर प्रदेश में बीजेपी भी लंबे समय से तराई क्षेत्र में मजबूत संगठन रखती है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के जरिए पार्टी लाभार्थी वर्ग तक अपनी पहुंच बनाने का दावा करती है। ऐसे में सिख बहुल इलाकों में मुकाबला केवल सपा और बीजेपी के बीच ही नहीं, बल्कि स्थानीय उम्मीदवारों और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी निर्भर करेगा।
हालांकि, किसी भी सीट पर चुनाव केवल एक समुदाय के वोट से तय नहीं होता। जातीय समीकरण, स्थानीय मुद्दे, उम्मीदवार की छवि और अन्य सामाजिक समूह भी अहम भूमिका निभाते हैं। फिर भी करीबी मुकाबले वाली सीटों पर सिख मतदाता परिणाम को प्रभावित कर सकते हैं।
पीलीभीत को क्यों कहा जाता है 'मिनी पंजाब'?
उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र में आने वाले पीलीभीत को 'मिनी पंजाब' के नाम से जाना जाता है। देश के विभाजन के समय और उसके बाद पंजाब से आकर बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग यहाँ के तराई इलाकों में बस गए थे। यहां की संस्कृति, खान-पान और खेती के तरीकों पर पंजाब की गहरी छाप दिखती है।
पीलीभीत और लखीमपुर खीरी का यह पूरा इलाका अपनी उपजाऊ कृषि भूमि के लिए जाना जाता है। 'द इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अकेले लखीमपुर खीरी जिले का घरेलू उत्पाद (GDP) में हिस्सा ₹12,414.40 करोड़ का है, जो पूरे राज्य के कृषि, वन और मछली पालन विकास का 3.38 प्रतिशत है (वर्ष 2019-20 के आंकड़ों के अनुसार)।
2022 की टीस से या 2027 की नई उम्मीद
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कृषि कानूनों के विरोध में हुए किसान आंदोलन और लखीमपुर खीरी की तिकोनिया हिंसा (अक्टूबर 2021) के बाद से ही तराई क्षेत्र के सिख किसानों में एक खास तरह की राजनीतिक हलचल रही है। 2022 के चुनावों में भी इसका असर देखने को मिला था।
अब 2027 के चुनाव से ठीक पहले, अखिलेश यादव इस 'सिख सम्मेलन' के जरिए तराई क्षेत्र में भाजपा के प्रभाव को कमजोर कर अपनी साइकिल की रफ्तार बढ़ाना चाहते हैं। अब देखना होगा कि सपा का यह 'न्याय और भागीदारी' का कार्ड सिख समुदाय को कितना लुभा पाता है।














Click it and Unblock the Notifications