सीएम योगी के बयान पर जयंत का पलटवार, बताई कश्मीर, बंगाल और केरल के प्रति व्यक्ति की आय
सीएम योगी के बयान पर जयंत का पलटवार, बताई कश्मीर, बंगाल और केरल के प्रति व्यक्ति की आय
लखनऊ, 10 फरवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 11 जिलों की 58 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। वोटिंग से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक वीडियो संदेश जारी किया था, जिसमें उन्होंने मतदाताओं से कहा, 'यदि गलती की तो कश्मीर, केरल और बंगाल बन जाएगा यूपी'। सीएम योगी के इस बयान पर राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने पलटवार किया है।

आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सीएम योगी के वीडियो ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा, 'उत्तर प्रदेश के मुक़ाबले जम्मू-कश्मीर का प्रति व्यक्ति आय दुगने के क़रीब है, बंगाल का तीन गुना और केरल सात गुना है...।' इतना ही नहीं, उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि बीते पांच सालों को याद कर वोट डाले। जयंत ने कहा कि 'हाथरस और उन्नाव दोबार न दोहराया जाए, इसलिए राष्ट्रीय लोकदल को अपना वोट दे।'
इससे पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 6 मिनट के वीडियो संदेश जारी मतदाताओं से कहा, ''जिन दंगाइयों और आतताइयों पर अंकुश लगा है वो सब अब मचल रहे हैं। आतंकी बार-बार धमका रहे हैं कि जरा सरकार आने दीजिए। सावधान रहिए, आप चूके तो पांच साल की मेहनत पर पानी फिर जाएगा। इस बार उत्तर प्रदेश को कश्मीर, बंगाल और केरल बनते देर नहीं लगेगी।' इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धिया भी गिनाईं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'अब बड़े निर्णय का समय आ गया है। पिछले 5 सालों में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार ने जो कुछ भी किया, वह बहुत प्रतिबद्धता के साथ किया है और जो कुछ भी कहा आपके भरोसे को ध्यान में रखते हुए उसे निभाया। आपने सब कुछ देखा है और इन चुनावों तक आते-आते ध्यान से सब कुछ सुना है। मुझे आपसे अपने दिल की एक बात कहनी है। इन 5 सालों में बहुत कुछ अभूतपूर्व हुआ है। उत्तर प्रदेश के सभी एक लाख गांव में सभी घरों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई गई है। ऐसा पहली बार हुआ है।'
Recommended Video
उन्होंने आगे कहा कि, 'कुछ लोग शायद कल्पना भी न कर पाएं कि इससे करोड़ों लोगों के जीवन में क्या बदलाव आया है। मैं यहां वोट मांगने के लिए नहीं आया बल्कि मैं तो पिछली सरकारों की तरफ से माफी मांगता हूं कि इस काम को वह 70 सालों में नहीं कर पाए। हमने घर-घर करोड़ों घरों में शौचालय बनवाए, मेरे लिए यह भी आपके वोट पाने का जुगाड़ नहीं था। स्वच्छता से भी अधिक मेरे लिए माताओं और बहनों के सम्मान और गरिमा का प्रश्न था। लाखों घर और परिवार खपरैल से निकलकर पहली बार अब पक्के मकान में आ गए हैं।'












Click it and Unblock the Notifications