‘यूपी में न दंगा,न कर्फ्यू, देश विरोधी बयानबाजी बर्दाश्त नहीं’, विधान परिषद में गरजे CM योगी, 5 बड़ी बातें
UP CM Yogi Adityanath Speech: उत्तर प्रदेश विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तेवर पूरी तरह आक्रामक नजर आया। उन्होंने विपक्ष पर सीधे-सीधे निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश अराजकता और अव्यवस्था का गढ़ बन चुका था, लेकिन आज वही उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, सुरक्षा और विकास के मामले में नई पहचान बना चुका है।
सीएम योगी के भाषण में सख्त संदेश, आंकड़े और राजनीतिक हमले तीनों साफ दिखाई दिए। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले गुंडे और माफिया प्रदेश में समानांतर सरकार चला रहे थे। हर जिले में अलग-अलग माफिया का राज था और कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी।

उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार की साफ नीति और सख्त फैसलों के चलते आज उत्तर प्रदेश 'फियर जोन' से निकलकर 'फेथ जोन' बन चुका है। उनके शब्दों में, अब यूपी में न दंगा होता है और न ही कर्फ्यू लगता है, अब सब चंगा है। सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम का विरोध करने वाले लोग हैं।
CM योगी बोले- कर्फ्यू कल्चर खत्म, जीरो टॉलरेंस लागू
मुख्यमंत्री योगी ने साफ कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कर्फ्यू कल्चर नहीं, बल्कि जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। उन्होंने धार्मिक आयोजनों का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले माघ मेले में कुछ लाख श्रद्धालु आते थे, लेकिन अब 21 करोड़ से ज्यादा लोग पहुंचे। इसका कारण व्यवस्थाओं पर बढ़ा भरोसा और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार है। उन्होंने इसे 'फेस्टिव और टेंपल इकोनॉमी' के बढ़ने का संकेत बताया।
सीएम योगी ने राज्यपाल के अपमान को बताया गंभीर मुद्दा
सीएम योगी ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि संवैधानिक पदों का सम्मान हर जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के प्रति अभद्र व्यवहार केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि नारी शक्ति और संवैधानिक व्यवस्था का अपमान है। सीएम के मुताबिक, यह विपक्ष की नकारात्मक सोच को उजागर करता है और आने वाली पीढ़ियों को गलत संदेश देता है।
नौकरी और पुलिस सुधार पर क्या बोले CM योगी?
रोजगार और पुलिस व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कई अहम आंकड़े गिनाए। उन्होंने बताया कि यूपी पुलिस में 2 लाख 19 हजार भर्तियां निकाली गईं, जिनमें करीब 20 प्रतिशत बेटियां हैं। 2017 में जहां महिला पुलिसकर्मियों की संख्या सिर्फ 10 हजार थी, वह अब बढ़कर 44 हजार से ज्यादा हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि पहले पुलिस ट्रेनिंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जबकि आज एक साथ 60 हजार जवान ट्रेनिंग ले रहे हैं। फॉरेंसिक लैब की संख्या 2 से बढ़ाकर 12 कर दी गई है और 6 नई लैब निर्माणाधीन हैं। PAC की 34 वाहिनियां अब सक्रिय हैं, जिनमें तीन महिला बटालियन भी शामिल हैं।
राष्ट्रगीत और मंदिरों पर क्या बोले सीएम योगी?
सीएम योगी ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं कि 'वंदे मातरम' को अनिवार्य किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और तिरंगे का अपमान संविधान का अपमान है। उनका आरोप था कि विपक्षी दल वंदे मातरम और राम मंदिर, काशी विश्वनाथ जैसे मुद्दों पर विरोध करते हैं।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि सरकार ने बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर स्मारक बनवाया है, जो देश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करता है।












Click it and Unblock the Notifications