UP Board Result 2025: कैदियों ने भी दिखाई हिम्मत की मिसाल! 10वीं-12वीं में मारी बाजी, 182 पास
UP Board 10th 12th Result 2025: कभी सोचा है कि जेल की चारदीवारी के अंदर भी सपने देखे जा सकते हैं? और उन्हें सच भी किया जा सकता है? यूपी बोर्ड के रिजल्ट ने इस बार एक ऐसी ही कहानी बयां की है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है।
इस बार यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में जेल में बंद कुल 199 कैदियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 182 कैदी पास (Jail Inmates Pass Exam) हो गए। सोचिए, जहां जिंदगी थम सी जाती है, वहां भी कुछ लोग किताबों से उम्मीदें जोड़ रहे हैं।

10वीं में शानदार रिजल्ट
10वीं की परीक्षा में 94 कैदियों ने भाग लिया, और इनमें से 91 पास हो गए। यानी 96.81% पासिंग रेट! ये किसी भी आम स्कूल से कम नहीं। जिलों में आगरा, रायबरेली, पीलीभीत, अमेठी, गोंडा और बहराइच जैसे कई ऐसे रहे जहां 100% कैदी पास हुए। वहीं हरदोई में सबसे कम, यानी 69.23% कैदी पास हो पाए।
12वीं में भी नहीं कम रहे कैदी
12वीं में 105 कैदियों ने परीक्षा दी और 91 कैदी सफल हुए। पासिंग रेट रहा 86.67%। कुछ जिलों में तो सभी कैदी पास हो गए, जैसे फतेहपुर, कन्नौज, सीतापुर, आजमगढ़ और बदायूं। लेकिन आगरा जिले में पास रेट सबसे कम 76.19% रहा।

कैदियों से मिली जिंदगी की सबसे बड़ी सीख
इन आंकड़ों ने बता दिया कि अगर मन में बदलाव की चाह हो, तो कोई भी परिस्थिति हमारी पढ़ाई और तरक्की की राह में दीवार नहीं बन सकती। ये कैदी अब सिर्फ अपराधी नहीं, बल्कि समाज में एक नई मिसाल बन चुके हैं।
लड़कियों ने भी मारी बाज़ी
बात करें पूरे यूपी बोर्ड रिजल्ट की तो इस बार लड़कियों का जलवा रहा। प्रयागराज की महक जायसवाल 12वीं की टॉपर बनीं - 97.20% नंबर लेकर। महक के पापा दिहाड़ी मजदूर हैं। इससे बड़ी प्रेरणा और क्या हो सकती है?












Click it and Unblock the Notifications