मुलायम के बाहुबली पुत्र प्रतीक यादव फिर बने सोशल मीडिया के हॉट टॉपिक, क्यों?
मुलायम सिंह और साधना गुप्ता के पुत्र प्रतीक यादव का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो 240 किलोग्राम का वजन उठाते दिख रहे हैं।
नई दिल्ली। पिछले दिनों सपा परिवार में जो कुछ हुआ है, उसने मुलायम सिंह यादव के खानदान और पार्टी के अंदर की फूट को सबके सामने ला दिया है लेकिन इस पूरे प्रकरण में मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव प्रत्यक्ष रूप से कहीं नहीं दिखाई दिए। हालांकि इस पूरे विवाद में उनका नाम लिया जरूर गया लेकिन उन्होंने कभी भी मीडिया के सामने खुलकर बयान नहीं दिया।
लैंबोर्गिनी जैसी महंगी कार के कारण सुर्खियों में
पिछले दिनों लैंबोर्गिनी जैसी महंगी कार को लेकर वो जरूर विरोधियों का निशाना बने लेकिन इसके बावजूद उनकी ओर से इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई, एक बार फिर से वो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के कारण चर्चा में हैं।
वीडियो में 240 किलोग्राम का वजन उठाते दिख रहे हैं
इस वीडियो में वो 240 किलोग्राम का वजन उठाते दिख रहे हैं, मुलायम की असली सत्ता यानी पहलवानी तो प्रतीक ने ही संभाल रखी है, ये ही बात आप जरूर वीडियो के देखने के बाद कहेंगे। गौरतलब है कि मुलायम सिंह राजनीति में आने से पहले पहलवानी करते थे।
अपने बारे में बात करते हुए प्रतीक यादव ने इंडिया टूडे से कहा एक बार वो बचपन में निमोनिया रोग के शिकार हो गए थे, हालत ये हुई कि उनकी जान पर बन आई थी, तब डॉक्टरों ने उन्हें स्टेरॉयड का इंजेक्शन लगा दिया था, जिसके बाद उनका वजन 100 किलो से भी ज्यादा हो गया, जिसे ठीक करने के लिए उन्होंने कसरत शुरू की, जो धीरे-धीरे उनका शौक और जूनून बन गया। प्रतीक ने ये भी कहा कि उन्हें बचपन में पिता मुलायम सिंह खुद पहलवानी के गुर सिखाते थे।
राजनीति में कोई रूचि नहीं
मुलायम सिंह और साधना गुप्ता के पुत्र प्रतीक यादव को राजनीति में कोई रूचि नहीं है, लेकिन उनकी धर्मपत्नी अपर्णा यादव इस बार लखनऊ कैंट से विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं।













Click it and Unblock the Notifications