दो मासूमों को लेकर नदी में कूदी मां खुद तैरकर बाहर निकल आई, बच्चों की मौत
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र के लोहरामऊ में एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ नदी में कूद कर जान देने का प्रयास किया। डूबने के दौरान जब उसे घुटन महसूस हुई तो वह तैर कर बाहर निकल आई लेकिन उसके दो मासूम मासूम बच्चे बाहर नहीं निकल सके और उनकी तड़प तड़प कर मौत हो गई। महिला ने चिल्लाकर गांव वालों को घटना की जानकारी दी लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मौके पर पहुंची भीड़ ने दोनों बच्चों को बाहर निकाला। मृतक परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पति-पत्नी में हुआ था विवाद
घटना शनिवार सुबह की है। मौरावां थाना क्षेत्र के गांव लोहरामऊ निवासी सूरज पाल की पत्नी रिंकी अपने बच्चों 4 साल के बेटे आयुष और पलक 6 साल को लेकर सई नदी में कूद गई थी। जब रिंकी नदी में डूबने लगी तो छटपटा कर नदी के बाहर आ गई, जबकि अपने मासूम बच्चों को नहीं बचा सकी। हालांकि बाहर आकर रिंकी ने शोर मचाया तो मौके पर पहुंचे लोगों ने बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया था। थानाध्यक्ष मौरावां ने बताया कि बीती रात रिंकी की अपने पति सूरज पाल से लड़ाई हुई थी। जिसके बाद रिंकी ने ये खतरनाक कदम उठा लिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष ने बताया कि रिंकी का मायका रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के बच्चन खेड़ा में है।












Click it and Unblock the Notifications