गंगा का जलस्तर बढ़ने से फिर उन्नाव में दिखे शव, अधिकारियों ने किया इनकार
उन्नाव, मई 30: कोरोना महामारी की दूसरी लहर में गंगा के किनारे हाल ही में सैकड़ों शव लावारिस हालत में दिखे थे। अब एक बार से फिर से उन्नाव में गंगा किनारे शव दिख रहे हैं। उन्नाव जिले में गंगा में शवों के मिलने के बाद हडकंप मच गया। यहां गंगा का जलस्तर बढ़ने से नदी में शव उतराते हुए नजर आ रहे हैं। जिले में दो दिन से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से कई जगह कटान शुरू हो गई है। इस बीच कई शव उतराते हुए दिख रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से गंगा के जलस्तर में 44 सेंटीमीटर का इजाफा हुआ है। जलस्तर बढ़ने से टीला डूब गया और तेज कटान शुरू हो गया है। उन्नाव के बक्सर घाट पर काफी संख्या में सड़े गले शव और अंग अवशेष पानी में उतराते नजर आने लगे हैं। फतेहपुर और रायबरेली जिले की सीमा पर स्थित बीघापुर के बक्सर श्मशान घाट पर जगह कम पड़ने पर लोगों ने गंगा के बीच स्थित रेत के टीले पर सैकड़ों शव दफना दिए थे।
बीघापुर के बक्सर घाट पर 15 दिन पहले नदी के किनारे और धारा के बीच में दफनाए गए दर्जनों शव तैरते नजर आ रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि पूर्व में दफनाए गए शवों के अवशेष भी उतराते देखे गए हैं। शवों के उतराने का एक वीडियो भी सामने आया है। नदी का जलस्तर बढ़ने के चलते शव व अवशेष पानी के बहाव के साथ नदी के किनारों पर पहुंच रहे हैं। एसडीएम बीघापुर का दावा है कि उन्होंने पुलिस के अधिकारियों के साथ गंगा का निरीक्षण किया है, लेकिन उन्हें कोई शव बहता नहीं दिखाई दिया।
इससे पहले कानपुर, उन्नाव और फ़तेहपुर में सैकड़ों की संख्या में ऐसे शव मिलने से हड़कंप मच गया था। तस्वीरें वायरल होने पर पता चला था कि पिछले कई दिनों से गाँवों में मर रहे लोगों को उनके परिजन यहाँ आकर रेत में दबाकर चले गए। उन्नाव के बक्सर घाट पर भी बड़ी संख्या में रेत में दबाये गए शव मिले थे। इस शवों की तस्वीरों को विदेशी मीडिया ने भी दिखाया था।












Click it and Unblock the Notifications