Rakshabandhan: CM City से सामने आई अनोखी तस्वीरें, महिलाओं ने पेड़ों को राखी बांधकर माना भाई
रक्षाबंधन के मौके पर CM सिटी गोरखपुर से कुछ अनोखी तस्वीरें सामने आई हैं। यहां इंडियन ग्लोबल सोशल सर्विसेज सोसाइटी से जुड़ी महिलाओं ने पेड़ों को राखियां बांधकर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति से प्रेम का अद्भुत संदेश देने का कार्य किया है। महिलाओं का कहना है कि यह पेड़ भी हमारे किसी भाई से कम नहीं है। जिस प्रकार उनके भाई उनके जीवन की रक्षा करते हैं वैसे ही ये पेड़ भी हमें कई तरीकों से जीवन प्रदान करते हैं।
महिलाओं ने पेड़ों के बांधी राखी
पेड़ों पर राखियां बाधने के बाद इन महिलाओं ने कहा कि ये पेड़ हमारे लिए हवा, ऑक्सीजन, पानी सब की सुलभता आसान बनाते हैं। ये हमारे जीवन का आधार हैं। इसलिए हमने रक्षाबंधन के अवसर पर इन्हें राखी बांधकर अपना भाई माना है। इन पेड़ों की देखभाल का व्रत लिया है। जिससे इनकी हरियाली भी बनी रहे और यह हमें लाभ देते रहें। महिलाओं ने कहा कि समाज के लोगों को चाहिए कि वह पेड़ों की सुरक्षा के प्रति सतर्क हों और अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

'महिलाओं के इस हौसले को सलाम'
इस आयोजन में जाने माने पर्यावरण प्रेमी और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर गोविंद पांडेय भी मौजूद रहे। यह शहर में पर्यावरण प्रदूषण की जांच पड़ताल करने के लिए भारत सरकार के नामित प्रतिनिधि के रूप में भी काम करते हैं। उन्होंने महिलाओं के इस हौसले को सलाम किया और कहा कि "यह प्रयास निश्चित रूप से समाज को बड़ा संदेश देने का कार्य करेगा।"

'वृक्षों को भाई समान माना'
उन्होंने यह भी कहा कि "वृक्ष हमें जीवन देते हैं, इसलिए हमारा नैतिक कर्तव्य बनता है कि हम उनके जीवन के लिए खुद को समर्पित करें। बहनों ने रक्षाबंधन के पर्व पर वृक्षों को भाई समान माना है तो निश्चित रूप से यह भाई की तरह ही सुरक्षा करते हैं।" सिविल लाइंस स्थित नेपाल लॉज में रक्षाबंधन पर्व पर बहनों ने भाई की कलाई पर नहीं बल्कि वहां लगे वृक्षों पर रक्षासूत्र बांधकर वचन लिया कि वह पेड़ों की रक्षा करेंगी।

'बहनों का यह प्रयास सरहानीय'
प्रोफेसर गोविंद पांडेय ने कहा कि "मौजूदा दौर में जब जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम का मिजाज बदल रहा है, ऐसे में इन बहनों का यह प्रयास सरहानीय है। वृक्षों को लगाने के बाद उसकी देखभाल नहीं होती है। तमाम जगह पौधे सूखे दिखाई देते हैं, लेकिन अब उनकी टीम पौधों से लेकर पेड़ों की सुरक्षा और रखवाली करेगी।" वहीं रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर बहनों ने वृक्ष को राखी बांधकर इस अभियान को जारी रखने का संकल्प किया है।












Click it and Unblock the Notifications