मुंबई से आया मामा भांजा-भांजी के साथ गया गंगा नहाने, डूबने से मौत
मिर्जापुर। यूपी के मिर्जापुर जिले के विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के कंतित मोहल्ले के कोटिया घाट पर शनिवार की दोपहर गंगा नदी में नहाते समय मामा और भांजा गहरे पानी में डूब गये। घाट पर मौजूद लोगों ने नदी में डूब रही भांजी को बचा लिया। सूचना पर पहुंची विंध्याचल कोतवाली पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूबे मामा और भांजे की खोजबीन शुरू कराया। पूरे दिन खोजबीन के बाद भी देर शाम तक दोनों का कहीं अता-पता नहीं चल पाया। घटना में डूबने वालों के घर में कोहराम मच गया। पुलिस के साथ ही परिवार के सदस्य भी खोजबीन में जुटे रहे।

बहन के बच्चों के साथ गया था नहाने
मुंबई निवासी 30 वर्षीय इमराम पुत्र मो. ऊमर फेरी के कपड़ा का व्यापारी है। विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के कंतित में उसकी बहन का घर है। शुक्त्रवार को इमरान अपनी बहन तइया बेगम के घर आया। रात में रुकने के बाद शनिवार की दोपहर में लगभग बारह बजे अपने भांजे 13 वर्षीय सुहेद और भांजी 15 वर्षीय सानिया पुत्री वाहिद को लेकर नहाने के लिए गंगा नदी के कोटिया तट पर चला गया।

नहाते समय सबसे पहले सुहेद गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। उसे डूबते देख उसकी बड़ी बहन सानिया उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी। इसके बाद उसका मामा इमरान भी उसे बचाने के लिए पहुंचा। हालत यह हुई कि तीनों नदी में डूबने लगे।

स्थानीय लोगों ने सानिया को बचाया
घाट पर मौजूद लोगों ने यह देखा तो शोर-शराबा मचाना शुरू किया और तीनों को बचाने के लिए नदी में उतर पड़े। सानिया को तो किसी तरह जानपर खेलकर घाट पर मौजूद लोगों ने बचाकर सही सलामत बाहर निकाल लिया लेकिन मामा और भांजे को नहीं बचा पाए। देखते ही देखते दोनों गंगा की धारा में समा गए। कुछ ही देर में घाट पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों के माध्यम से विंध्याचल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस फोर्स गोताखोरों के साथ जाल लेकर पहुंची और डूबे लोगों की खोजबीन शुरू कर दी। देर शाम तक तलाश के बाद भी डूबे मामा-भांजे का कहीं पता नहीं चल पाया।












Click it and Unblock the Notifications