बहराइच: हाईवे पर बस और टैंकर में टक्कर, दो यात्रियों की मौत, 35 घायल
बहराइच। उत्तर प्रदेश के नानपारा-बहराइच हाईवे पर डिहवा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार प्राइवेट बस व नेपाली टैंकर में जोरदार भिड़ंत हो गयी जिससे महिला समेत दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि 35 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी। हाईवे पर आवागमन ठप हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकालकर नानपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से 21 गंभीर घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने पंचनामा कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवाया है। हादसे में पीड़ित परिवारों में कोहराम की स्थिति है।

बहराइच शहर स्थित नानपारा बस स्टैंड से प्राइवेट बस यात्रियों को लेकर नानपारा के लिए रवाना हुई। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। बस तेज गति में बहराइच-नानपारा हाईवे पर डिहवा पेट्रोल पंप के पास पहुंची थी कि नेपाल की तरफ से आ रही टैंकर से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी। इस हादसे से यात्रियों में हाहाकार मच गया।

आसपास मौजूद लोग मदद के लिए घटनास्थल की तरफ भागे। नानपारा पुलिस को भी सूचित किया गया। हादसे के बाद हाइवे पर आवागमन ठप हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला।

कोतवाली देहात क्षेत्र के केहरवा गांव निवासी राकेश कुमार (30) और फखरपुर थाना इलाके के मदनकोठी निवासी सबीना (35) की इलाज के दौरान मौत हो गयी। पुलिस ने घटना के संबंध में सभी पीड़ितों के परिजनों को सूचित किया है। एंबुलेंस व प्राइवेट वाहनों से घायलों को नानपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया जहां से 19 घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने पंचनामा कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। नानपारा कोतवाल संजय कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications