लखनऊ में सरकारी छात्रावास से दो छात्राएं लापता
लखनऊ में सरकारी छात्रावास से दो छात्राएं हुई लापता, पुलिस कर रही है छात्राओं की तलाश
लखनऊ। प्रदेश की राजधानी में दो छात्राओं के लापता होने से हड़कंप मच गया है। दोनों ही छात्राएं लखनऊ स्थित सरकारी छात्रावास से लापता हुई हैं। दोनों छात्राएं लखनऊ के मोहान रोड स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय छात्रावास की हैं। गौर करने वाली बात यह है कि दोनों ही छात्राएं बहुत पहले लापता हो गई थीं, लेकिन हॉस्टल की ओर से इस खबर को काफी देर तक दबाने की कोशिश की गई। लेकिन जब हॉस्टल की छात्राओं ने इस बाबत शिकायत की तब जाकर यह मामला सामने आया। जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने लापता छात्राओं की तलाश शुरू कर दी है।

यह हॉस्टल समाज कल्याण विभाग का है, जोकि मोहान रोड पर स्थित है। जो छात्राएं लापता हुई हैं उनका नाम लक्ष्मी रावत और रोशनी रावत है। दोनों ही छात्राएं मंगलवार देर रात को छात्रावास से गायब हो गई हैं। हॉस्टल की छात्राओं ने बताया कि छात्रावास की वार्डन अक्सर रात में गायब हो जाती है और वह घर चली जाती हैं। छात्राओं ने हॉस्टल प्रशासन पर कई संगीन आरोप लगाए हैं। छात्राओं का आरोप है कि शकुंतला विश्वविद्यालय के छात्र पूरा दिन यहां डेरा डाले रहते हैं, लेकिन हॉस्टल प्रशासन की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की जाती है।
छात्राओं का आरोप है कि शकुंतला विश्वविद्यालय के छात्र अक्सर हॉस्टल की छात्राओं से छेड़खानी करते हैं और फब्तियां कसते हैं। छात्राएं हॉस्टल में पेट भर खाना नहीं मिलने की शिकायत पहले ही विभागीय स्तर पर कर चुकी हैं। वहीं इस मामले की पुलिस पड़ताल कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications