VIDEO: चोरी कर रहे तीन चोरों को पकड़कर पीटा, उसके बाद दी अजीबोगरीब सजा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शिवाला घाट पर गंगा स्नान के दौरान लोगों ने चोरी के शक में 3 लोगों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई की। इसके बाद फिर अमानवीय व्यवहार करते हुए तीनों के आधे बाल और मूंछ मुंडवाकर उनको तपती धूप में घाट पर बैठाए रखा। हालांकि बाद में कुछ स्थानीय नागरिकों ने इसे अमानवीय बताते हुए पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामला वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला घाट का है। यहां मद्रास से श्रद्धालुओं की काफी भीड़ थी। लोगों का आरोप है कि इस दौरान 3 लोग वहां पहुंचे और एक युवक ने भीड़ में मौजूद लोगों के आगे लुंगी सुखाने के नाम पर उनके सामानों को कवर करना शुरू किया और साथ में मौजूद दो लोग सामान चुराने की फिराक में जुट गए। इस बीच कुछ लोगों की निगाह इन पर पड़ी और लोगों ने इनको पकड़कर जमकर पीट दिया।
इसी बीच किसी ने नाई को बुलाकर पकड़े गए तीनों लोगों के बाल और मूंछ आधी मुंडवा दी, जिसके बाद कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू किया। विरोध के बावजूद भी पकड़े गए लोगों की पिटाई की गई। बाद में स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। जब इस बारे में इंस्पेक्टर भेलूपुर अनुपम श्रीवस्तव से पूछा गया तो उनका कहना था कि उक्त प्रकरण में पकड़े गए तीनों पर चोरी का आरोप है और कार्रवाई की जा रही है। जिन भी लोगों ने इनके साथ अमानवीय बर्ताव किया है, उनको भी ट्रेस कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications