BMW से टक्कर में Wagon R में सवार 3 की मौत, BMW में बैठे लोगों को नहीं लगी खरोंच!
सहारनपुर। सोमवार को सहारनपुर में दो कारों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत नाजुक होने के चलते उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की हिम्मत नगर कालोनी निवासी मुकुल कुमार पुत्र शिव कुमार, श्रवण कुमार गुप्ता पुत्र चंद्रकिरण तथा जेजे पुरम निवासी योगेंद्र और एक अन्य व्यक्ति गत दिवस किसी काम से अपनी वैगनआर कार में सवार होकर देहरादून गए थे। सोमवार को यह सभी वैगनआर कार में सवार होकर वापस सहारनपुर लौट रहे थे। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्रांतर्गत देहरादून हाईवे पर मोहंड के पास जैसे ही वह चारों पहुंचे तो सामने से आ रही एक बीएमडब्ल्यू कार ने वैगनआर को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैगन आर कार के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए। हादसे में वैगन आर सवार मुकुल, श्रवण और योगेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत नाजुक होने के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिय गया है। उधर बताया जाता है कि बीएमडब्ल्यू कार को जरा भी खंरोच तक नहीं आई और इस कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच निकले। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications