राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ,CM योगी करेंगे रामलला का महाभिषेक, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
Ramlala Pran Pratishtha Mahotsav: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी महोत्सव का शुभारंभ आज से हो रहा है। इस विशेष अवसर पर रामलला का अभिषेक विधिविधान से किया जाएगा। प्रातः 10 बजे से रामलला के पूजन और अभिषेक की प्रक्रिया शुरू होगी, जो पंचामृत, सरयू जल आदि से सम्पन्न होगी। अभिषेक-पूजन के बाद ठीक 12:20 बजे रामलला की महाआरती होगी, जो 22 जनवरी 2024 को हुए रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय के मुहूर्त पर आधारित होगी। इस दौरान पांच स्थानों पर धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस भव्य आयोजन का शुभारंभ करेंगे और रामलला का महाभिषेक कर जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री पहली बार मंदिर परिसर स्थित अंगद टीला से श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे।

2000 मंत्रों का होगा उच्चारण,अग्नि देवता को आहुतियां
इस आयोजन के लिए यज्ञ मंडप, राम जन्मभूमि मंदिर का आंतरिक हिस्सा, यात्री सुविधा केंद्र, और अंगद टीला पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अंगद टीला पर आम जनता को बिना किसी रोक-टोक के प्रवेश मिलेगा, जहां पर तीन से चार प्रकार के कार्यक्रम होंगे। इनमें 6 घंटे की अवधि में 2000 मंत्रों का उच्चारण और अग्नि देवता को आहुतियां दी जाएंगी। इस दौरान हनुमान चालीसा, राम रक्षा स्तोत्र, विष्णु सहस्त्रनाम और भगवान राम के बीज मंत्र का पाठ भी किया जाएगा।
शाम को राम मंदिर में राग सेवा का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय, प्रांतीय और अखिल भारतीय स्तर के गायकों और वादकों द्वारा भजनों, रागों और कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी। राग सेवा की शुरुआत भारत रत्न लता मंगेशकर की अंतिम रिकॉर्डेड श्री राम स्तुति श्लोक से होगी।
होगा लाइव प्रसारण, घर बैठे रामलला के दर्शन कर सकेंगे लोग
अयोध्या को दिव्य रूप में सजाया गया है, और राम मंदिर परिसर को 50 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया है। तीनों दिन मंदिर परिसर में दीपों और रोशनी से सजावट की जाएगी। इस आयोजन का लाइव प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा, ताकि लाखों राम भक्त रामलला के दर्शन कर सकें।
इस भव्य महोत्सव में करीब 2,000 अतिथियों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें धार्मिक और सरकारी अधिकारी शामिल हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष यातायात व्यवस्था बनाई गई है।
सीएम योगी करेंगे जनसभा को संबोधित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को दोपहर 2 बजे अंगद टीला पर जनसभा को संबोधित करेंगे और पांच घंटे तक अयोध्या में रहेंगे। इस अवसर पर उषा मंगेशकर के भजन, शास्त्रीय गायन, रामलीला का मंचन और प्रवचन सत्र का आयोजन होगा।
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर भक्तों में जबरदस्त आस्था और उल्लास का माहौल है, और अयोध्या में लाखों श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए एकत्रित हो चुके हैं।
मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने क्या कहा?
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर कहा, "पहली वर्षगांठ बहुत सुंदर तरीके से मनाई जा रही है। पूरे अयोध्या शहर को सजाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस आयोजन में शामिल होंगे और आरती भी करेंगे। श्रद्धालु पहले ही बड़ी संख्या में यहां एकत्रित हो चुके हैं।"
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के पहले साल के इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्या में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। श्रद्धालु राम भजनों का गायन करते हुए राम मंदिर के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। 11 जनवरी से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में अयोध्या को विशेष रूप से सजाया गया है और लाखों भक्त रामलला के दर्शन के लिए यहां एकत्रित हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें Punjab: लुधियाना से AAP विधायक गुरप्रीत गोगी की गोली लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस












Click it and Unblock the Notifications