दूल्हे ने दुल्हन के गले में डाली वरमाला, बाराती और घराती में हो गई मारपीट, महिलाएं भी नहीं रहीं पीछे
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के भौंदरी में एक शादी में जयमाला की रस्म के दौरान मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि दूल्हे ने जैसे ही दुल्हन के गले में वरमाला डाली, मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में महिलाएं भी कूद पड़ीं।
मारपीट के दौरान शादी की खुशियां फीकी पड़ गईं और जयमाला मंडप द्वंद्व में बदल गया। इस दौरान घराती और बाराती पक्ष के बीच लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। एक पत्थर दूल्हे की कार पर लगा, जिसका शीशा टूट गया।

लड़की पांच के लोग दूल्हे के साथ आए बरतिया को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने लगे। इस दौरान बाराती वहां से किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे। जानकारी मिलने के बाद मोहनलालगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया।
काफी देर तक दोनों पक्षों के लोगों के बीच बातचीत होती रही लेकिन दोनों पक्ष अपनी जिद पर अड़े रहे। देर रात तक पंचायत चलती रही लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। दूल्हा पक्ष शादी की आगे की रस्में करने को तैयार नहीं था लेकिन दुल्हन को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ा रहा।
इधर दुल्हन के परिवार ने कहा कि जब तक शादी पूरी नहीं हो जाती और वह सात फेरे नहीं ले लेती, तब तक वे दुल्हन को विदा नहीं कर सकते। इस मामले में लड़की या लड़के पक्ष की ओर से मारपीट की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। हालांकि, जिस व्यक्ति की कार क्षतिग्रस्त हुई, उसने पुलिस में शिकायत की।
नाश्ते को लेकर की गई टिप्पणी बनी झगड़े की वजह
बताया जा रहा है की शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए लोग शराब के नशे में थे। द्वारपूजा के समय बारात में शामिल होने आए लोग डीजे पर डांस कर रहे थे। डांस करते हुए बारात जब दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची तो कुछ लोग नाश्ते को लेकर टिप्पणी करने लगे।
बताया जा रहा है कि यही टिप्पणी लड़की के घर वालों को अच्छी नहीं लगी। इस दौरान देखते ही देखते लड़की पक्ष और दूल्हे के साथ आए बरतिया के बीच कहासुनी होने लगी। इस दौरान मौके पर मौजूद बुजुर्गों द्वारा सभी को शांत कराया गया।
दूल्हा जब स्टेज पर पहुंचा तो दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। इस दौरान जब दूल्हे ने दुल्हन के गले में वरमाला डाली तो कुछ लोगों ने टिप्पणी शुरू कर दी। इसी बात को लेकर दोबारा विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दूल्हा-दुल्हन पक्ष के बीच मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट के दौरान दुल्हन स्टेज से नीचे गिर गई। दुल्हन के नीचे गिरने के बाद सभी पुरुष और महिलाएं आपस में लड़ने लगे। दोनों तरफ से कुर्सियां फेंकी जाने लगीं। देखते ही देखते शादी का पंडाल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और वहां भगदड़ मच गई।
इस बारे में मोहनलालगंज थाने की प्रभारी आलोक राव द्वारा बताया गया कि शादी में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। इस मामले में दोनों पक्षों द्वारा आपस में बातचीत की जा रही है। यदि दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनती है और तहरीर दी जाती है तो तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications