रेलवे स्टेशन और धार्मिक स्थल को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
लखनऊ। हरियाणा और यूपी के सहारनपुर रेलवे स्टेशन सहित धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने का धमकी भरा पत्र मिलने के बाद खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई है। धमकी भरा पत्र आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पत्र में 20 अक्टूबर से 10 नवम्बर के बीच विस्फोट करने की धमकी दी गई है।

सोशल मीडियो पर पत्र हो रहा है वायरल
वायरल पत्र में लश्कर-ए-तैयबा के एरिया कमांडर मौलवी अब्बू बुखारी और किश्तवार (कश्मीर) आदि आतंकी संगठनों के नामक व्यक्ति के नाम का जिक्र है। सोशल मीडिया पर पत्र वायरल होने के बाद खुफिया एजेंसियां पत्र की सच्चाई जांचने में जुट गई है। पत्र मिलने के बाद सहारनपुर में भी पुलिस, जीआरी-आरपीएफ के साथ एलआईयू विभाग भी सक्रिय हो गया है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से स्टेशन की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

लश्कर-ए-तैयबा के नाम से मिला धमकी भरा पत्र
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) प्रभारी अशोक सिसोदिया ने बताया कि अम्बाला रेलवे स्टेशन के निर्देशक बीएस गिल को धमकी भरा पत्र मिला है। पत्र में धमकी दी गई है कि 20 अक्टूबर और 10 नवम्बर के बीच सहारनपुर रेलवे स्टेशन और शाकुम्भरी देवी मंदिर को बम से उड़ा दिया जायेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि धमकी भरा पत्र आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नाम से मिला है।

धार्मिक स्थलों को उठाने की मिली धमकी
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि अम्बाला के स्टेशन अधीक्षक को मिले पत्र के दूसरे पृष्ठ पर लश्कर-ए-तैयबा के कमाण्डर मौलवी अबू बुखारी का नाम लिखा है। उन्होंने बताया कि इस पत्र में सहारनपुर के शाकुम्भरी मंदिर सहित उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने की बात कहीं गई है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस पत्र के प्रेषक के रूप में मौलवी अबू बुखारी, एरिया कमाण्डर लश्कर ए तैयबा किश्तवाड़, जम्मू कश्मीर/कराची पाकिस्तान लिखा है। एसपी ने कहा कि इससे पहले भी इस तरह का पत्र रेलवे विभाग को मिल चुका है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां इस पत्र को लेकर काफी सतर्क हैं और रेलवे स्टेशनों पर तलाशी अभियान बढ़ा दिया गया है।
ये भी पढ़ें: भाजपा विधायक संगीत सोम के घर पर हैंड ग्रेनेड से हमला, चलाई अंधाधुंध गोलियां












Click it and Unblock the Notifications