हिंदू महिला से रेप के आरोपी मुस्लिम डॉक्टर को मिली अंतरिम अग्रिम जमानत, यूपी सरकार से भी जवाब तलब
शादी का झांसा देकर हिंदू महिला से रेप के आरोपी मुस्लिम डॉक्टर को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम अग्रिम जमानत मिली है। कोर्ट ने इस मामले मेें यूपी सरकार से भी जवाब मांगा है।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में महिला चिकित्सक से रेप के आरोपी डॉक्टर अब्दुल कादिर को सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम अग्रिम जमानत दे दी है। मुस्लिम डॉक्टर पर शादी का झांसा देकर हिंदू महिला से रेप का आरोप है। शीर्ष अदालत की एक अवकाश पीठ ने मामले में उत्तर प्रदेश सरकार से भी जवाब मांगा है।
सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को शादी के बहाने एक हिंदू महिला से बलात्कार के आरोपी मुस्लिम डॉक्टर को गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण प्रदान किया है। जस्टिस अनिरुद्ध बोस और जस्टिस राजेश बिंदल की अवकाशकालीन पीठ ने मामले में उत्तर प्रदेश सरकार से जवाब मांगा और निर्देश दिया कि सुनवाई की अगली तारीख तक आरोपी को मुरादाबाद (जहां मामला दायर किया गया है) में प्रवेश नहीं करना चाहिए।
आरोपी डॉक्टर अब्दुल कादिर पर शादी का झांसा देकर एक हिंदू महिला से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता महिला की वकील पूर्णिमा जौहरी ने कोर्ट में अंतरिम राहत की याचिका का विरोध किया।
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, "हम सुनवाई की अगली तारीख तक मुरादाबाद में दर्ज मामले में याचिकाकर्ता को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा प्रदान करते हैं। याचिकाकर्ता सुनवाई की अगली तारीख तक मुरादाबाद में प्रवेश नहीं करेगा और शिकायतकर्ता के साथ प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कोई संचार नहीं करेगा।"
अपीलकर्ता डॉक्टर ने 10 मई के इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देते हुए शीर्ष अदालत का रुख किया है, जिसमें उन्हें अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया गया था। याचिका में दावा किया गया है कि पक्षकार 2019 से सहमति से लिव-इन रिलेशनशिप में थे, यहां तक कि उस व्यक्ति की वैवाहिक स्थिति के बारे में, जिसकी पहले से ही एक पत्नी और बेटी है, उसके बारे में पता था।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के पाकबड़ा थानाक्षेत्र में स्थित एक मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉक्टर अब्दुल कादिर के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर अब्दुल कादिर ने उसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया।












Click it and Unblock the Notifications