UP में आखिरी चरण की 54 सीटों के लिए शुरू हुआ संघर्ष, मोदी-मायावती समेत कई नेताओं ने काशी में डाला डेरा
वाराणसी, 3 मार्च: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर गया है। गुरुवार को जहां छठवें चरण के तहत मतदान सम्पन्न हो गया वहीं दूसरी ओर आखिरी चरण की 54 सीटों के लिए संघर्ष भी शुरू हो गया है। सत्ता की लड़ाई पूर्वांचल पहुंच चुकी है और जो आखिरी रण में बाजी मारेगा सिंहासन पर वही बैठेगा। आखिरी चरण के मतदान की अहमियत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पीएम मोदी, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी, बसपा चीफ मायावती, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत तमाम दिग्गज काशी में जुट चुके हैं। सबको पता है कि अंतिम चरण की इन सीटों को जीतने के लिए पूर्वांचल के जातीय समीकरण को साधना बेहद जरूरी है इसलिए सभी दलों ने ताकत झोंक दी है।

दो दिनों तक 37 सीटों पर सीधे वोट मांगेंगे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अब पूरी तरह तरह से बनारस जोन पर फोकस कर रहे हैं। 2 मार्च से ही इसी इलाके में हैं। और 4 मार्च तक यहां रैली करेंगे। आज वह वाराणसी पहुंचेंगे। अगले दो दिनों तक वह यहीं रहेंगे। इन 4 दिनों में पीएम अकेले पूर्वांचल की 37 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए सीधे वोट मांगेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी हवाई अड्डे पर यूक्रेन से लौटकर आए वाराणसी समेत पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों के 15 छात्र-छात्राओं से मुलाकात भी की है। मोदी ने गुरुवार को जौनपुर और चंदौली में रैली की। बुधवार को सोनभद्र और गाजीपुर में रैली की थी। शुक्रवार को मिर्जापुर में रैली और बनारस में रोड शो करेंगे।

प्रियंका ने कबीरचौरा मठ में डाला डेरा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार शाम को ही वाराणसी आ गईं थीं। गुरुवार को प्रियंका गांधी ने कबीरचौरा मठ के साथ ही कबीरचौरा की गलियों में भ्रमण किया। इसके बाद बनारस घराने के कलाकारों से मुलाकात की। खुद से चाय बनाई और संगीत का लुत्फ भी उठाया। प्रियंका गांधी 5 मार्च तक कबीरचौरा मठ में ही प्रवास करेंगी। 4 मार्च को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी फूलपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे।

मायावती ने बनारस पहुंचकर सबको चौंकाया
बसपा सुप्रीमो मायावती वैसे तो इस चुनाव में बहुत रैलियां नहीं कर रही हैं। लेकिन आखिरी फेज के लिए वह भी काशी पहुंची हैं। उन्होंने गुरुवार को संदहा में कहा कि यूपी के मौजूदा मुख्यमंत्री को सिर्फ मुस्लिम, दलित और ब्राह्मण ही गुंडे-माफिया नजर आते हैं। योगी आदित्यनाथ मुस्लिम, दलित और ब्राह्मण के ही घर और संपत्ति को उजाड़ते हैं। एक वर्ग पर योगी आदित्यनाथ की नहीं चलती है और उन्हें संरक्षण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार आएगी, तो उस खास वर्ग के माफियाओं के घरों पर बुलडोजर चलेंगे।

पूरे गठबंधन को लेकर मैदान में उतरे अखिलेश
अखिलेश यादव लगातार दो दिनों से वाराणसी में जोन में ही डेरा जमाए हुए हैं। गुरुवार को उन्होंने बनारस में रैली की। उनके साथ मंच पर सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, रालोद प्रमुख जयंत चौधरी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी भी थीं। अखिलेश ने कहा कि- ममता जी के यहां आते ही ना केवल बीजेपी हारेगी, आज जहां वोट पड़ रहा है। छठवें चरण में और जब सातवें चरण में जब वोट पड़ेगा तब बीजेपी का सफाया हो जाएगा। बुधवार को अखिलेश इस जोन में ताबड़तोड़ 5 रैलियां की थीं। 4 मार्च को वह मुलायम सिंह यादव को लेकर जौनपुर में रैली करेंगे।

काशी में ममता को दिखाए गए काले झंडे
ममता दो दिन के दौरे पर बनारस में हैं। एक दिन पहले गंगा आरती करने पहुंचीं तो उन्हें काला झंडा दिखाया गया। इसके विरोध में सीढ़ी पर ही बैठ गईं। दूसरे दिन गुरुवार को ममता बनर्जी ने अखिलेश यादव के साथ काशी में पहली रैली की। ममता ने कहा कि अब यूपी में खेला होबे। उन्होंने कहा कि कल बीजेपी कार्यकर्ताओं के दिमाग में फोड़ना-तोड़ना छोड़कर कुछ और नहीं है। उन लोगों ने हमारी गाड़ी रोक दी। गाड़ी में डंडा मारकर कहा कि वापस जाओ। मैं डरती नहीं हूं। डरपोक नहीं हूं, लड़ाकू हूं। मुझ पर गोली चलवाई गईं।












Click it and Unblock the Notifications