राहुल के लिए कठिन हुई अमेठी? 6 दिन के अंदर ही दोबारा यहां पहुंच रही हैं स्मृति इरानी
अमेठी। केंद्रीय वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी एक बार फिर अमेठी का दौरा करने वाली हैं। एक सप्ताह के अंदर स्मृति की यह दूसरी अमेठी यात्रा होगी। वे शुक्रवार यानि सात सितंबर को अमेठी का एकदिवसीय दौरा करने वाली हैं। इससे पहले स्मृति 1 सितंबर को भी अमेठी में ही थीं।

एक सिंतबर की यात्रा में स्मृति ने अमेठी को पहले डिजिटल ग्राम का तोहफा दिया था। उन्होंने मुसाफिरखाना ब्लॉक के पिंडारा ठाकुर गांव में कॉमन सर्विस सेंटर का शुभारंभ करते हुए कहा था कि ग्रामीणों को यहां पर केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से संचालित 206 सेवाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी हमला किया तथा कैलाश मानसरोवर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा था कि अमेठी उनके लिए मंदिर की तरह तथा वहां के लोग उनके लिए भगवान की तरह हैं। फिलहाल राहुल गांधी कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर हैं। इसी बात को लेकर स्मृति ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए अपनी बातों से कटाक्ष किया था। स्मृति शुक्रवार सुबह सवा आठ बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगी जहां से सड़क मार्ग से रायबरेली और फिर अमेठी जाएंगी।
स्मृति के इस अमेठी दौरे के राजनीतिक मायने हो सकते हैं। क्योंकि जिस तरीके से स्मृति एक सप्ताह में दूसरी बार अमेठी की यात्रा करने वाली हैं उससे यह साफ जाहिर हो रहा है कि वो अमेठी की जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत बनाना चाहती हैं। खासकर महिलाओं में स्मृति अपनी छवि को बनाने तथा उनके बीच अपनी पैंठ बनाने की पूरी कोशिश में लगी हुई हैं।
महिला स्वाभिमान के लिए चल रही है योजना
अपनी पहले दौरे में उन्होंने कहा कि आने वाले समय जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायतों को डिजिटल इंडिया के तहत डिजिटलाइज कर दिया जाएगा। स्मृति ने अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस और राहुल गांधी पर वार करते हुए कहा कि विदेशी व्यक्तियों को अमेठी ला कर हंसी का पात्र बनाया गया। अब जिस किसी को भी लाना है ले आएं और दिखाएं की अमेठी का गांव डिजिटल हो गया है। हम सब को अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहिए। अमेठी देश का पहला जिला है जहां पर अमेठी के सभी ब्लॉक में महिला स्वाभिमान के लिए योजना चल रही हैं। अमेठी में भाई बहन के रिश्ते को यहां के लोगों ने भली भांति निभाया है इसके लिए हम अमेठी के लोगों को धन्यवाद है।












Click it and Unblock the Notifications