अखिलेश से नाराजगी के बीच सीएम योगी से मिले शिवपाल यादव, 20 मिनट तक हुई बातचीत
लखनऊ, 30 मार्च: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार शाम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है। ये मुलाकात सीएम आवास पर हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुलाकात के लिए शिवपाल सीएम आवास- 5 कालिदास मार्ग पर पहुंचे। यहां दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक बातचीत हुई। शिवपाल यादव ने मुख्यमंत्री को जीत की बधाई दी और इसे शिष्टाचार भेंट बताया।

इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, शिवपाल सिंह यादव के खेमे ने इसे महज शिष्टाचार भेंट बताया है। शिवपाल यादव ने बुधवार को ही विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। कल चाचा शिवपाल अखिलेश द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल नहीं हुए थे। अखिलेश यादव ने कल सहयोगी दलों की मीटिंग बुलाई थी। इससे पहले शिवपाल सिंह यादव दिल्ली सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मिलने पहुंचे थे।
माना जा रहा है कि शिवपाल एक बार फिर से अखिलेश यादव से नाराज हो गए हैं। शिवपाल यादव ने अपनी नाराजगी उस दिन ही जाहिर कर दी थी, जिस दिन समाजवादी पार्टी के विधायक दल की बैठक हुई थी। सपा ने शिवपाल को सपा के विधायक दल की बैठक में शामिल होने का न्योता नहीं दिया गया था। हालांकि अभी तक इस मुलाकात की ठोस वजहों का पता नहीं चल सका है।












Click it and Unblock the Notifications