यूपी: पूर्व बीएसपी नेता अखिलेश दास गुप्ता कांग्रेस में हुए शामिल, दो साल बाद हुई वापसी
कांग्रेस में शामिल होने के बाद अखिलेश दास गुप्ता ने कहा कि ये उनकी घर वापसी हुई है। कांग्रेस में शामिल हो कर वो बेहद खुश हैं। करीब दो साल बाद अखिलेश दास गुप्ता कांग्रेस पार्टी में वापस लौटे हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी में बड़े नेता की घर वापसी हुई है। वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश दास गुप्ता ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। करीब दो साल बाद अखिलेश दास गुप्ता कांग्रेस में लौटे हैं। इससे पहले वो बहुजन समाज पार्टी में थे।

कांग्रेस में शामिल हुए अखिलेश दास गुप्ता
कांग्रेस सांसद और यूपी प्रभारी गुलाब नबी आजाद ने अखिलेश दास गुप्ता को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस में शामिल होने के बाद अखिलेश दास गुप्ता ने कहा कि ये उनकी घर वापसी हुई है। कांग्रेस में शामिल होने के दौरान वो बेहद खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि परम श्रद्धेय सोनिया गांधी और राहुल गांधी के सहयोग से घर वापस आने का सौभाग्य मिला। करीब दो साल बाद अखिलेश दास गुप्ता कांग्रेस पार्टी में वापस लौटे हैं। इससे पहले अखिलेश दास गुप्ता बीएसपी में थे। साल 2014 के आम चुनावों के दौरान उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती पर पैसे लेकर टिकट देने का आरोप लगाया था जिसके बाद उन्हें बहुजन समाज पार्टी से निकाल दिया गया था। बीएसपी से निकाले जाने के बाद से वो किसी सियासी दल में शामिल नहीं हुए। इस बीच यूपी चुनाव से ठीक पहले वो कांग्रेस पार्टी में लौट आए हैं।
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी अपनी जमीन मजबूत करने की कवायद में जुटी हुई है। इसी के मद्देनजर पार्टी ने यूपी में सत्ता संभाल रही समाजवादी पार्टी से गठबंधन किया है। गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी यूपी में 298 में सीटों पर चुनाव लड़ेगी, वहीं कांग्रेस 105 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। बीजेपी और बीएसपी को रोकने के लिए कांग्रेस-सपा ने ये गठबंधन किया है। यूपी में पहले चरण का मतदान 11 फरवरी को है, सातवें और आखिरी चरण का चुनाव 8 मार्च को होगा। चुनाव नतीजे 11 मार्च को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications