'मिहिर भोज' पर जमकर राजनीति, बिना अनुमति यात्रा निकालने पर सपा विधायक सहित सैकड़ों हिरासत में
उत्तर प्रदेश के मेरठ से बड़ी खबर सामने आई है। यहां प्रशासन की नाकाबंदी और इलाके को छावनी में तब्दील करने के बावजूद सोमवार को मवाना में भारी बवाल के दौरान सम्राट मिहिर भोज गुर्जर यात्रा निकाली गई। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। जिसके बाद प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए सपा विधायक सहित सैकड़ों लोगों को हिरासत में ले लिया।
बताते चलें कि सोमवार को सम्राट मिहिर भोज जयंती के मौके पर गुर्जर समाज द्वारा मवाना स्थित बड़ा महादेव शिव मंदिर से तहसील तिराहा स्थित सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा तक गुर्जर यात्रा निकालने का ऐलान किया गया था। मगर देर रात प्रशासन ने यात्रा निकालने पर पाबंदी लगाते हुए सिर्फ मूर्ति पर माल्यार्पण किये जाने की अनुमति दी।

उधर, सोमवार की सुबह एसपी क्राइम अनित कुमार, एसपी देहात कमलेश बहादुर, एडीएम प्रशासन ने क्यूआरटी टीम और पीएसी सहित कई थानों की फोर्स के साथ बड़ा महादेव शिव मंदिर पर डेरा डाल दिया। इसी बीच कुछ साथियों को लेकर मंदिर पहुंचे आकाश गुर्जर ने यात्रा निकालने की बात कही तो पुलिस ने आकाश को हिरासत में लेकर मेरठ भेज दिया।

इसी दौरान मवाना, परीक्षितगढ़ और हस्तिनापुर के ब्लॉक प्रमुख भारी भीड़ के साथ मौके पर पहुंच गए। यात्रा निकालने पर तुले गुर्जर समाज के लोगों की पुलिस से तीखी नोंक-झोंक हो गई। इसी बीच सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान भारी भीड़ के साथ मौके पर आ धमके। जिसके बाद प्रशासन के लिए स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया।

जिसके बाद सपा विधायक सहित सैकड़ो लोगों को तीन बसों में भरकर प्रतिमा स्थल के लिए रवाना किया गया। लेकिन, सपा विधायक सहित सभी लोग बीच रास्ते में ही बसों से उतर गए और पुलिस की नाकाबंदी के बावजूद यात्रा निकाली गई। बाद में सपा विधायक अतुल प्रधान, मुखिया गुर्जर और भाजपा के राज्य मंत्री दिनेश खटीक सहित हजारों लोगों की भीड़ ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यात्रा के चलते कस्बे में घंटों जाम और हंगामे के हालात बने रहे।













Click it and Unblock the Notifications