Sambhal News: सीएम योगी को 'अर्जुन' और संभल सांसद को 'रावण' बताकर फिर चर्चा मे आए आचार्य प्रमोद
Sambhal news: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में चल रही रामलीला के दौरान श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम् ने ऐसा बयान दिया जिसने माहौल को सियासी रंग दे दिया। उनके शब्दों ने न सिर्फ दर्शकों का ध्यान खींचा, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज कर दीं।
रामलीला कार्यक्रम के दौरान, आचार्य ने कहा कि संभल में ही कई रावण मौजूद हैं। उन्होंने सांसद जियाउर्रहमान बर्क को 'रावण' कहा इसके अलावा उन्होंने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और अखिलेश यादव के रिश्ते को लेकर भी बयान दिया।

इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अभिमन्यु समझने की भूल किसी को नहीं करनी चाहिए। योगी, अर्जुन की तरह, एक ऐसे नेता हैं जो हर चुनौती का डटकर सामना करते हैं और पीछे हटना उनके स्वभाव में नहीं है।
हिंदू समाज ने सदैव दिए हैं बलिदान
आचार्य ने कहा कि सनातन धर्म पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि इतिहास गवाह है, हिंदू समाज ने सदैव बलिदान दिए हैं और धर्म की रक्षा में कभी पीछे नहीं हटा। यह परंपरा आगे भी कायम रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र, धर्म और मर्यादा पुरुषोत्तम राम के नाम पर हिंदुओं ने कभी समझौता नहीं किया। आचार्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं से अपील की कि सभी लोग एकजुट होकर इस संकल्प को आगे बढ़ाएं।
बिहार के कलाकारों ने किया मंचन
संभल के खेल मैदान में चल रहे पंद्रह दिवसीय रामलीला महोत्सव में सोमवार रात में आचार्य प्रमोद कृष्णम् पहुंचे। यहां के मैदान में उन्होंने देर रात तक रामलीला का मंचन देखे और दर्शकों के साथ मौजूद रहे।
सोमवार को रामलीला में बिहार से आए कलाकारों द्वारा सीता माता के हरण की लीला का मंचन किया गया। इसके अलावा रामलीला के बीच आचार्य प्रमोद कृष्णम् ने भजनों की प्रस्तुति दी। करीब 40 मिनट तक चले इन भजनों ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
नेता जी के साथ खत्म हो गया रिश्ता
समाजवादी पार्टी के सियासी रिश्तों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और आजम खान का जो रिश्ता कभी मुलायम सिंह यादव के समय में था, वह अब समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता बेमेल हैं और लंबे समय तक टिकने वाला नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications