संभल हिंसा: 3 की मौत, अब तक हिरासत में लिए गए 20 लोग, इंटरनेट सेवाएं स्थगित, बढ़ी सख्ती, कड़े एक्शन के निर्देश
संभल में जामा मस्जिद को लेकर सर्वेक्षण के अदालती आदेश के बाद भड़की हिंसा में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दर्जन भर से अधिक लोग घायल हुए हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। स्थिति को देखते हुए इंटरनेट सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। नगरपालिका क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अब तक कुल 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
रविवार सुबह संभल की शाही जामा मस्जिद के सर्वे के लिए पहुंची टीम को लेकर हंगामे के बीच सर्वे टीम पर हमला कर दिया गया। जिससे हालत बिगड़ गए। हिंसा में तीन लोगों नोमान खान, बिलाल और नईम की मौत हो गई। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने संभल में इंटरनेट सेवा को पूरी तरह से बंद कर दिया है। इसके साथ ही मस्जिद के इलाके को सील कर दिया गया है। 8वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। पूरे इलाके में भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।

हंगाम के दौरान तीन मौतों के बाद आक्रोशित भीड़ ने 7 से ज्यादा गाड़ियों में आग लगा दी। पुलिस ने भीड़ को कंट्रोल करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। सीओ सदर और एसपी संभल के पीआरओ समेत 25 से ज्यादा पुलिस कर्मियों और तीन दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए।
जानकारी के मुताबिक, घायलों में एक पुलिसकर्मी की हालत नाजुक बनी हुई है। हिंसा में जान गंवाने तीन लोगों की मौत कैसे हुई इसकी पुष्टि की गई है। पुलिस के मुताबिक इनमें दो लोगों की मौत गोली लगने के कारण हुई। जबकि तीसरे व्यक्ति की मौत भगदड़ में चोट लगने से हुई।
स्थानीय प्रशासन ने संभल नगरपालिका क्षेत्र में सड़कों के पास रखी निर्माण सामग्री, छतों से पत्थर और सोडा की बोतलें तत्काल हटाने के निर्देश जारी किए हैं। उप जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि सड़कों पर कोई भवन निर्माण सामग्री पाई जाती है तो उसे तुरंत जब्त कर लिया जाएगा।
संभल उप जिलाधिकारी कार्यालय की ओर जारी नोटिस में कहा कि नागरिकों को अपनी छत पर पत्थर, सोडा की बोतलें, या कोई ज्वलनशील या विस्फोटक सामग्री खरीदने या इकट्ठा करने से रोक दिया है। यदि कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका को भी आदेश दिए गए हैं कि यदि सड़कों पर कोई भवन निर्माण सामग्री पड़ी है तो उसे तुरंत जब्त कर लिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications