UP: 'बड़े नेता' के खिलाफ बोलने पर सपा विधायक को अखिलेश ने किया सस्पेंड
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार ने राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त बदायूं से सपा विधायक आबिद रजा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी और विधानमंडल से सस्पेंड कर दिया है।
यह एक्शन आबिद रजा के उस प्रेस कॉन्फ्रेंस के ठीक बाद लिया गया है जिसमें विधायक ने एक बड़े सपा नेता पर गंगा में अवैध खनन और गोहत्या में शामिल होने जैसे संगीन आरोप लगाए थे।

3 अगस्त को आबिद रजा ने पत्रकारों से कहा था कि बदायूं जिले में गंगा में अवैध खनन और गोहत्या यहां के एक बड़े सपा नेता की सरपरस्ती में चल रहे हैं। आबिद रजा ने उस बड़े नेता का नाम नहीं बताया था। लेकिन यह कहा था कि वह बड़े नेता मोदी लहर में जीत गए।
धर्मेंद्र यादव की तरफ इशारा!
ऐसा कहा जा रहा है कि विधायक आबिद रजा ने जिस बड़े नेता की तरफ इशारा किया था वह सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के भतीजे और बदायूं से सपा सांसद धर्मेंद्र यादव हैं। इसलिए उनको पार्टी विरोधी गतिविधियों के तौर पर निलंबन की सजा मिली है।
आबिद ने कहा था, जान को है खतरा
3 अगस्त के प्रेस कॉन्फ्रेंस में आबिद रजा ने अपनी जान को खतरा बताया था। उन्होंने कहा था कि जबसे अवैध खनन और गोकशी का मामला वो उठाने लगे हैं तबसे उनको मार डालने की धमकी दी जा रही है। साथ ही आबिद ने एक सप्ताह के अंदर अवैध खनन और गोहत्या न रोके जाने पर इस्तीफा देने की भी बात कही थी।












Click it and Unblock the Notifications