शिवपाल यादव ने सपा और यूपी सरकार के सभी पदों से दिया इस्तीफा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी में चल रहे घमासान के बीच इस्तीफे की अटकलों पर आखिरकार शिवपाल यादव ने मुहर लगा दी। शिवपाल यादव ने गुरुवार देररात यूपी सरकार और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि सीएम अखिलेश यादव इस्तीफे को नामंजूर कर दिया है।

पहले अपने करीबी मंत्रियों को हटाए जाने और फिर तीन अहम विभाग छीने जाने से नाराज शिवपाल यादव ने बुधवार को दिल्ली में पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव से मिलकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। हालांकि उसके बाद उन्होंने मीडिया से कहा था कि वे सरकार में बने रहेंगे। लेकिन गुरुवार को एक बार फिर वह मुलायम सिंह यादव से मिले और उसके बाद मुख्यमंत्री को इस्तीफा सौंप दिया। हालांकि अखिलेश यादव ने इस्तीफा खारिज कर दिया।
पत्नी और बेटे ने भी दिया इस्तीफा
इस बात की भी चर्चा है कि सपा से शिवपाल के इस्तीफे के बाद उनकी पत्नी और बेटे ने भी सरकार और पार्टी में अहम पदों से इस्तीफा दे दिया है। शिवपाल की पत्नी सरला यादव इटावा में डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक की चेयरपर्सन थीं, जबकि उनके बेटे आदित्य यादव को-ऑपरेटिव फेडरेशन की चेयरमैन थे।
शिवपाल यादव के इस्तीफे के बाद उनके समर्थक उनके आवास के बाहर जमा होने लगे और नारेबाजी भी की। कहा जा रहा है कि शिवपाल के समर्थन में पार्टी के 20 विधायक आ गए हैं।
दो दिन पहले ही बने थे प्रदेश अध्यक्ष
शिवपाल यादव को दो दिन पहले ही समाजवादी पार्टी ने सीएम अखिलेश यादव की जगह उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाया था। कहा जा रहा था कि सरकार से अलग होने के बाद वह पूरी तरह संगठन का काम देखेंगे। हालांकि शिवपाल यादव ने पार्टी के सभी पदों से भी इस्तीफा दे दिया है।
सपा में आया बड़ा संकट
शिवपाल के इस्तीफे से समाजवादी पार्टी में कहीं न कहीं बड़ा संकट खड़ा हो गया है। जैसा कि पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव भी पहले कह चुके हैं कि अगर शिवपाल पार्टी से अलग हुए तो पार्टी बिखर जाएगी। सपा के रविदास मल्होत्रा ने कहा कि पार्टी मुखिया मुलायम सिंह के पास 50 सालों का अनुभव है और वह मामले को सुलझा लेंगे। उन्होंने कहा, 'शुक्रवार को सपा की संसदीय बोर्ड की बैठक है. इसमें सारे मुद्दे सुलझा लिए जाएंगे। अखिलेश औऱ शिवपाल दोनों साथ मिलकर काम करेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications