स्कूल में आकर आधा दर्जन महिलाओं ने टीचर्स को पीटा, सहमे बच्चे घुस गए सीट के नीचे
सहारनपुर। बिना मान्यता के अंग्रेजी माध्यम स्कूल चलाने का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने आधा दर्जन महिलाओं के साथ एक स्कूल में धावा बोल दिया और उप प्रधानाचार्य एवं अध्यापिकाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे बच्चे दहशत में आ गए। सहमे बच्चे बेंचों के नीचे घुस गए। कुछ बच्चें इधर-उधर भागते हुए गश खाकर गिर पड़े। इसकी खबर लगते ही अभिभावक स्कूल की तरफ दौड़े तो उपद्रव करने वाली यह भीड़ वहां से भाग खड़ी हुई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अभिभावकों एवं स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य की तरफ से अलग-अलग तहरीर कोतवाली में दी गई है।

मंगलवार को तहसील दिवस में एक कथित संगठन के कुछ लोगों द्वारा शिकायत की गई थी कि कस्बा बेहट के मोहल्ला महाजनान में एक अंग्रेजी माध्यम का स्कूल बिना मान्यता के चल रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे इस कथित संगठन से जुडे़ कुछ लोगों एवं आधा दर्जन महिलाओं ने स्कूल में धावा बोल दिया। इन महिलाओं ने आंव देखा न तांव उप प्रधानाध्यापक एवं अध्यापिकाओं पर टूट पड़ीं। मारपीट एवं हंगामे के दौरान अफरा-तफरी मचने से बच्चे दशहत में आ गए। छोटे-छोटे बच्चें इतने सहम गए, कि वे बेंचों के नीचे घुस गए और कुछ इधर उधर भागते समय गश खाकर गिर पड़े।
स्कूल में इस तरह से कुछ लोगों द्वारा हमले किए जाने की सूचना मिलने पर अभिभावक स्कूल की तरफ दौड़ पड़े। अभिभावकों को आते देख यह उपद्रवी भीड़ भाग खड़ी हुई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। अभिभावक अपने-अपने बच्चों को घर ले गए। इसके बाद प्रबंधक, प्रधानाचार्य राजकुमार सैनी एवं अभिभावकों द्वारा अलग-अलग तहरीर कोतवाली में दी गई है। उधर कोतवाली बेहट के प्रभारी निरीक्षक छोटे लाल ने कहा कि यदि स्कूल बिना मान्यता के चल रहा है, तो उसके खिलाफ संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर जांच करानी चाहिए थी, इस तरह से विद्यालय में घुसकर मारपीट कर उपद्रव करना गंभीर मामला है। वें इसकी जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications