इलाहाबाद यूनिवर्सिटी: बसपा नेता की हत्या के बाद एक और वारदात, छात्र को गोली मारी
इलाहाबाद। गोलीबारी के बीच शुरू हुई इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया पर गहरा काला साया नजर आ रहा है। बसपा नेता की यूनिवर्सिटी के ताराचंद हॉस्टल के सामने हत्या के बाद, अब एक और वारदात से यूनिवर्सिटी दहल गयी है। यूनिवर्सिटी के शोध छात्र उपेन्द्र यादव को गोली मार दी गई है । नाजुक हालत में उपेन्द्र को लखनऊ ले जाया गया है। जहां अभी उनकी हालत गंभीर बनी हुई है । घटना के बाद फिर से छात्र राजनीति गर्मा गयी है। मुमकिन है कि अब यह भी चुनावी मुद्दा बन जायेगा।

ताक में बैठे थे हमलावर
घटना रविवार की देर रात उस वक्त हुई जब भोजन करने के बाद उपेन्द्र कमरे से बाहर निकला। हमलावर पहले से ही ताक पर बैठे थे। उपेन्द्र के सिर में गोली मारी गई है । दोस्तों ने उपेन्द्र को एसआरएन में भर्ती कराया जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया है। यूनिवर्सिटी में हालात न बिगड़े। इसके लिये चौकसी बढा दी गई है।

भूगोल के शोध छात्र हैं उपेन्द्र
पुलिस के अनुसार उपेन्द्र यादव गाजीपुर के रहने वाले हैं और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में भूगोल विभाग के शोध छात्र हैं। उपेन्द्र आज बेली हॉस्पिटल के पास मेंहदौरी डेलीगेसी में किराये के कमरे में रहकर तैयारी कर रहे हैं। रविवार की देर रात भोजन के बाद वह बाहर खड़ी अपनी बाइक को अंदर लाने के लिये बाहर निकले। बाइक के पास वह पहुंचे ही थे किरदार पहले से घात लगाये बदमाशों ने हमला कर दिया। उपेन्द्र के सिर में गोली मारी गई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच
पड़ोस में रहने वाले छात्रों ने उपेन्द्र को एसआरएन में भर्ती कराया । जहां हालत नाजुक होने पर लखनऊ ले जाया गया। हमलावर कौन थे? गोली क्यों मारी गई? यह अभी रहस्य बना हुआ है। फिलहाल घटना को छात्रसंघ चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि उपेन्द्र नेतागीरी के गुटों से दूर रहते हैं। ऐसे में पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी हुई है। सूचना पर उपेन्द्र के परिजन भी लखनऊ आ गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications