पिता की मौत पर रेप पीड़िता बोली, 'कुलदीप सिंह सेंगर ने जेल में पापा के साथ गलत हरकत कराई'
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में न्यायिक हिरासत में पिता की मौत के बाद रेप पीड़िता ने भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को इसका जिम्मेदार बताया है। रेप पीड़िता ने आरोप लगाया कि जेल में पापा को इलाज की जरूरत थी लेकिन भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के कहने पर उनका इलाज नहीं किया गया।

'रेप पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप'
पिता की मौत पर पूछे जाने पर रेप पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुलदीप सिंह सेंगर ने जेल में गलत हरकत कराई है और उन्होंने पापा के इलाज के लिए मनाही कर रखी थी। रविवार की देर रात पीड़िता के पिता की जेल में हालत बिगड़ गई जिसके बाद उनको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई।

रविवार को लखनऊ में पीड़िता ने की आत्मदाह की कोशिश
एक दिन पहले रविवार को पीड़िता ने परिजनों के साथ लखनऊ में सीएम योगी के आवास के सामने आत्मदाह की कोशिश की थी और भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर रेप के आरोप लगाए थे। पीड़िता का आरोप है कि 3 अप्रैल को हथियारों से लैस विधायक के भाई अपने गुर्गों के साथ पीड़िता के घर आ धमका और परिजनों को जमकर पीटा। आरोप है कि सत्ता पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को खुश करने के लिए पुलिस ने पीड़िता के परिवार के खिलाफ ही झूठा मुकदमा दर्ज कर उनको प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इन्हीं सब प्रताड़ना से तंग आकर ही पीड़िता आत्मदाह करने के लिए लखनऊ में मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पहुंच गई।

पीड़िता के पिता की मौत के बाद मामला गरमाया
पीड़िता के पिता की मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। एसपी पुष्पांजलि देवी ने बताया है कि इस मामले में दो पुलिस अधिकारियों और चार सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही रेप पीड़िता के पिता के साथ मारपीट करने वाले चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पीड़िता से मारपीट के आरोप में विनीत मिश्रा, बऊवा, शैलू और सोनू को गिरफ्तार किया है।












Click it and Unblock the Notifications