Ram Mandir Dhwajarohan: दुल्हन की तरह सजा राम मंदिर, जानें दर्शन का समय, ट्रैफिक समेत समाराेह की हर डिटेल
Ram Mandir Dhwajarohan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अयोध्या में राम मंदिर में आयोजित दिव्य ध्वजारोहरण समारोह में पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे। यह ध्वजारोहण मंदिर निर्माण की पूर्णता का प्रतीक है और इसे सांस्कृतिक उत्सव तथा राष्ट्रीय एकता के नए अध्याय का सूत्रपात माना जा रहा है।
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह लगभग 10 बजे सप्तमंदिर पहुंचेंगे, जहाँ महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुहा और माता शबरी से संबंधित मंदिर स्थित हैं। इसके बाद वे शेषावतार मंदिर जाएंगे।

सुबह लगभग 11 बजे, प्रधानमंत्री माता अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन करेंगे। तत्पश्चात्, वे राम दरबार गर्भगृह में पूजा-अर्चना कर रामलला गर्भगृह में दर्शन करेंगे। दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

आम जनता के लिए कब खुलेगा मंदिर?
प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर, 25 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तक आम जनता के लिए मंदिर परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में केवल QR-कोडेड पास वाले आमंत्रित अतिथियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

कितने बजे तक बंद रहेगा राम पथ?
राम पथ पर भी सुबह 6 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान केवल आमंत्रित मेहमानों के वाहनों को प्रवेश मिलेगा, और पैदल चलने की अनुमति भी नहीं होगी।दोपहर 2:30 बजे के बाद सीमित पैदल आवाजाही बहाल की जाएगी, लेकिन दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर पूरे दिन प्रतिबंध रहेगा। एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक है।

एयरपोर्ट पर किया गया है ये खास प्रबंध
वीआईपी और वीवीआईपी मेहमानों की बड़ी संख्या को देखते हुए, अयोध्या हवाई अड्डे पर विशेष लॉजिस्टिक योजना लागू की गई है। यहाँ 40 से 80 चार्टर्ड विमानों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है, और यात्रियों को उतारने के बाद विमानों को आसपास के हवाई अड्डों पर भेजा जाएगा।

अयोध्या के चप्पे-चप्पे में 100 अतिरिक्त CISF जवान तैनात किए गए
लगभग 100 अतिरिक्त CISF जवान तैनात किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के लिए एक विशेष लाउंज और मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों के लिए छह वीआईपी लाउंज तैयार किए जा रहे हैं।
ट्रैफिक डायवर्जन कितने बजे तक रहेगा?
रामजन्मभूमि परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए, अयोध्या को अभूतपूर्व सुरक्षा घेरे में रखा गया है। सोमवार शाम 6 बजे से लेकर मंगलवार को भीड़ छंटने तक पूरे शहर में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।
इस मार्गों पर बंद रहेगी वाहनों की अवाजाही
भीड़ और सुरक्षा प्रबंधन के लिए नया सरयू पुल, साकेत पेट्रोल पंप बैरियर, हनुमानगुफा चौराहा, लता मंगेशकर चौक, बड़ी छावनी, रामघाट, हनुमानगढ़ी, विद्याकुंड, रायगंज और टेढ़ी बाजार सहित अधिकांश प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।
शहर के भीतर रामपथ, दंतधावन कुंड, तुलसी स्मारक, राजघाट, लक्ष्मण किला, नयाघाट, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, इकबाल अंसारी आवास मोड़ और श्रीराम अस्पताल मार्ग पर भी पूर्ण प्रतिबंध लागू है
कौन से हैं वैकल्पिक रास्ते?
बाहरी जिलों से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। सुल्तानपुर, रायबरेली, अंबेडकरनगर और लखनऊ से आने वाले यात्री एवं वाहन लंबी दूरी वाले वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य की ओर भेजे जा रहे हैं।
इसके साथ ही, बीकापुर, मिल्कीपुर, जलालपुर, इटौरा, खजुरहट, हैदरगंज, भीटी, बिल्वहरिघाट, सरियावां चौराहा, सोहावल और नेशनल हाईवे-27 के कई हिस्सों को भी डायवर्ट किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
सुरक्षा के लिए क्या-क्या किए गए हैं इंतजाम?
- ध्वजारोहण कार्यक्रम को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए अभूतपूर्व व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा की कमान NSG, CRPF, SPG, IB और अयोध्या पुलिस के हाथों में है।
- पूरे परिसर की 15,000 CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है, जिनमें से 450 CCTV येलो जोन में लगाए गए हैं।
- मेहमानों को मेटल डिटेक्टर, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस सिस्टम से होकर ही प्रवेश मिलेगा, और QR कोड स्कैन कर ही एंट्री दी जाएगी।
- पहले मोबाइल ले जाने की अनुमति थी, लेकिन अब मोबाइल अंदर ले जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है।
- सुरक्षा बढ़ाने के लिए महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात कर्मचारियों का 2-स्टेप वेरिफिकेशन के बाद ही ड्यूटी चार्ट तय होगा, और एयरपोर्ट के 3 किमी दायरे में होटल, होमस्टे और घरों की जांच की जा रही है। इसके अलावा, वीआईपी मूवमेंट के दौरान विशेष प्रोटोकॉल लागू रहेगा।
आगंतुकों के लिए शहर में बड़ी टेंट सिटी बनाई गई है, और प्रतिबंधित क्षेत्र के बाहर सभी आवास पूरी तरह बुक हैं। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के अनुसार, ट्रस्ट ने 1,600 होटल कमरे और कई टेंट सिटी अतिथियों के आवास के लिए सुनिश्चित किए हैं, और 25 नवंबर को सुबह 7:30 से 9:00 बजे के बीच प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी।












Click it and Unblock the Notifications