बीजेपी की परिवर्तन यात्रा का लखनऊ में समापन, राजनाथ सिंह हुए शामिल
प्रदेश में पिछले करीब दो महीने से चल रही बीजेपी की परिवर्तन यात्रा का समापन लखनऊ में हुआ। इस मौके पर राजनाथ सिंह शिरकत के लिए पहुंचे और रोड-शो भी किया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी लगातार सियासी गणित साधने की कवायद में जुटी हुई है। यूपी में वोटरों को साधने के लिए बीजेपी ने प्रदेशभर में परिवर्तन यात्रा का आयोजन किया, जिसका समापन लखनऊ में हो गया। प्रदेश में चार इलाकों से शुरू हुई ये परिवर्तन यात्राएं शनिवार को लखनऊ पहुंची जहां परिवर्तन यात्रा का समापन हुआ।

49 दिन बाद सम्पन्न हुई बीजेपी की परिवर्तन यात्रा
करीब 49 दिनों तक चली ये परिवर्तन यात्रा प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी। बीजेपी की ओर से कहा गया कि इस यात्रा के दौरान करीब 17 हजार किमी से ज्यादा का सफर तय किया गया। वहीं करीब दो करोड़ लोगों से सीधे संवाद की कोशिश की गई।

403 जिलों से होकर गुजरी परिवर्तन यात्रा
लखनऊ में परिवर्तन यात्राओं के समापन के मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे। राजनाथ सिंह के लखनऊ में रोडशो के बाद इन परिवर्तन यात्राओं का समापन हुआ। इस मौके पर केंद्रीय गृहमंत्री के साथ-साथ कलराज मिश्रा, यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए। उन्होंने अलग-अलग इलाकों से आने वाली परिवर्तन यात्राओं का स्वागत किया।

परिवर्तन यात्रा की शुरूआत 5 नवंबर को सहारनपुर से हुई थी
परिवर्तन यात्रा की शुरूआत 5 नवंबर को सहारनपुर से, 6 नवंबर को झांसी, 8 नवंबर को सोनभद्र और 9 नवंबर को बलिया से चली थी। परिवर्तन यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 6 जनसभाओं को संबोधित किया। इसके अलावा 50 से ज्यादा केंद्रीय मंत्रियों ने भी इस यात्रा में शिरकत की। इस दौरान लोगों से सीधे संवाद की कवायद की गई।

'यूपी की जनता से बीजेपी को प्यार मिला'
रोड-शो के बाद राजनाथ सिंह ने रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी में बीजेपी की परिवर्तन यात्रा को जैसी सफलता मिली वैसी किसी और यात्रा को नहीं मिली। यूपी की जनता से बीजेपी को प्यार मिला। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और वह भाजपा के साथ आने का मन बना चुकी है।

नोटबंदी को लेकर कुछ लोग राजनीति कर रहे: राजनाथ सिंह
इस मौके पर राजनाथ सिंह ने नोटबंदी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी को लेकर कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं, जो सही नहीं है। ये मामला देशहित से जुड़ा है। मोदी सरकार ने कालेधन को रोकने के लिए नोटबंदी का कदम उठाया है। उन्होंने नोटबंदी की जमकर तारीफ की। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिवर्तन रैली के दौरान भी नोटबंदी का मुद्दा छाया रहा।












Click it and Unblock the Notifications