राजेश यादव हत्याकांड में नया ट्विस्ट, बाहुबली विजय मिश्रा पर हत्या के आरोप
इलाहाबाद। बसपा नेता राजेश यादव की हत्या में अब नया ट्विस्ट आ गया है। राजेश की पत्नी मोनिका ने बाहुबली विधायक विजय मिश्रा पर हत्या का आरोप लगाकर खलबली मचा दी है। मोनिका ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुये बताया है कि दो दिन पहले विजय मिश्रा ने खनन माफिया की ओर से राजेश को धमकी दी थी। कहा था अगर खनन के काम में हाथ लगाया तो जान से जाओगे। धमकी के दो दिन बाद ही राजेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पत्नी मोनिका ने लगाए आरोप
मोनिका ने यह भी आरोप लगाया है कि डाक्टर मुकुल सिंह बाहुबली विधायक के नजदीकी हैं। उनके कहने पर ही राजेश को मौत के घाट उतारा गया है। अब इससे यह तो साफ हो गया कि मामले को राजनीतिक रूप मिलेगा और बाहुबली विजय मिश्रा की मुश्किल बढ़ेगी। याद दिला दें कि विजय मिश्रा के खिलाफ राजेश बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे लेकिन वह बुरी तरह हार गये। विजय मिश्रा की पूर्वांचल में तूती बोलती है। अपने अलग मिजाज के लिये वह पूरे यूपी में चर्चित हैं।

भदोही पहुंचते ही बदले सुर
मोनिका जब तक इलाहाबाद में थी। उन्होंने एक बार भी विजय मिश्रा का नाम नहीं लिया था। यहां तक की राजनीतिक हत्या के सवाल पर सीधे इनकार किया था लेकिन मंगलवार की शाम जब पोस्टमॉर्टम के बाद पति का शव लेकर मोनिका अपने पैतृक गांव भदोही पहुंची तो उनके सुर पूरी तरह से बदल गये। वह इस बात पर तो कायम हैं कि मुकुल ने राजेश को मारा लेकिन अब उनके बयान में विजय मिश्रा, उनकी धमकी और हत्या को शह देने का भी आरोप है। मोनिका ने पुलिस को बताया है कि 4 अक्टूबर को बालू खनन का टेंडर खुलना था। इसके लिये 3 करोड़ रुपये राजेश ने इकट्ठा किया था और कार में लेकर ही पैसा गये थे लेकिन राजेश को गोली मारने के बाद गाड़ी से पैसे भी गायब कर दिये गये हैं। मोनिका का कहना है कि पैसो के बारे में सिर्फ मुकुल को ही पता था।

घूमते सवाल और उलझी मर्डर मिस्ट्री
राजेश मर्डर मिस्ट्री खूब उलझी है जिसमें कई सवाल ऐसे हैं, जिनके जवाब मर्डर को उलझाये हुये हैं।
1 - कुछ दिन पहले यूनिवर्सिटी के छात्र नेता ने राजेश पर हमला कराया था और अब यूनिवर्सिटी के ही हॉस्टल में गोली मारी गई। हत्या के लिये हॉस्टल को क्यों चुना गया?
2 - अचानक से मामले में बाहुबली विजय मिश्रा का नाम आना, क्या कोई दूर की गोट खेल रहा है ताकि विजय मिश्रा भी रास्ते से हटाये जा सके?
3 - 3 करोड़ रुपये कैश का होना और गाड़ी मेंबर लेकर घूमना ?
4 - रातभर राजेश का एक स्थान से दूसरे स्थान जाना और पत्नी का लगातार फोन जाना?
5 - डॉक्टर मुकुल क्यों गायब हैं ?
6 - ताराचंद हॉस्टल मेंबर किस छात्र नेता अथवा शख्स से मिलने गये थे राजेश ?
7 - इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनाव में आखिर किसकी पैरवी कर रहे थे राजेश? और कौन था विरोधी ?
8 - राजेश की मौत के बाद शहर में उपद्रव के पीछे कौन था ? कौन दे रहा राजनीतिक रूप?
इस मामले में एसएसपी इलाहाबाद आनंद कुलकर्णी का मानना है कि हॉस्टल में ही विवाद हुआ है जिसके बढ़ने पर ही गोली ओली लेकिन अब जब तक डॉक्टर मुकुल सिंह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आता, मर्डर मिस्ट्री के तार बिखरे रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications