Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में टपक रहा है बारिश का पानी, अजय राय बोले BJP ने यहां भी किया घोटाला
Ayodhya Ram Mandir: कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। अजय राय ने अयोध्या में स्थित श्री राम मंदिर में पानी टपकने के मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला।
भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राम मंदिर में भी घोटाला कर दिया है। आगे उन्होंने कहा कि शहीदों का ताबूत हो या भगवान का मंदिर भाजपा ने किसी को भी नहीं छोड़ा।

अजय राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हर जगह भ्रष्टाचार कर रही है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण अयोध्या में देखने को मिला है। अयोध्या राम मंदिर के पुजारी सत्येंद्र दास ने खुद बयान दिया है कि करोड़ों की लागत से बने राम मंदिर के गर्भ गृह में पानी टपक रहा है।
दरअसल, अयोध्या में श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुए अभी 6 महीने भी नहीं हुए होंगे। इसी बीच प्री मानसून के दौरान हुई पहली बारिश के चलते मंदिर की छत टपकने लगी। इसका दावा खुद मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास द्वारा किया गया।
मुख्य पुजारी द्वारा यह भी कहा गया कि इस मामले को लेकर राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट को इसकी जांच करनी चाहिए तथा इस समस्या का समाधान करना चाहिए जिससे पुजारी और दर्शन करने वाले लोगों को समस्या ना हो।
मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास द्वारा मीडिया को दिया गया बयान सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा सवाल उठाया जाने लगा।
अब इसी मामले को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी रहे अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है।












Click it and Unblock the Notifications