रायबरेली: पैन कार्ड बनवाने घर से निकले शख्स की हत्या के बाद शव को जलाया
रायबरेली। रायबरेली के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में बीती रात एक युवक की बर्बरता पूर्वक हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक की हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए उसके शव को जलाने का भी प्रयास किया। युवक के शव को जिस तरह कत्ल कर जलाया गया है उससे तो साफ जाहिर हो रहा है कि एक बार फिर ऊंचाहार क्षेत्र का आप्टाकांड को दोहराने की कोशिश की गई है। वारदात की खबर क्षेत्र में फैलते ही ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। सनद रहे कि आप्टाकांड में भी 5 लोगों की हत्या के बाद जिंदा जलाया दिया गया था।

मिली जानकारी के मुताबिक ऊंचाहार के मोबाई गांव के एक 22 वर्षीय युवक शुभम पुत्र माता प्रसाद की गला घोटकर बर्बरता पूर्वक हत्या कर दी गई और साक्ष्य पाने के लिए हमलावरों ने युवक के शव को सुनसान स्थान पर ले जाकर खरपतवार से जला दिया। आग की लपटें देखकर ग्रामीण पहुंचे तो जल रही आग के अंदर शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में आग बुझाई और मामले की सूचना पुलिस को दी। मृतक शुभम की मां शिवकुमारी ने बताया कि उसका पति दिल्ली में काम करता है। घर में वह अपने तीन बच्चे शुभम ,बेटी इंदु 20 वर्ष और सबसे छोटे बेटे अभिषेक 14 वर्ष के साथ रहती है। बुधवार की शाम करीब चार बजे शुभम पैन कार्ड बनवाने के लिए ऊंचाहार बाइक से गया था। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुबह उसकी मौत की खबर मिली युवक की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीओ डलमऊ नीरज सिंह का कहना है कि छात्र शुभम की हत्या की गई है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। मृतक की किसी से कोई रंजिश भी नहीं थी। मर्डर की कोई वजह सामने नहीं आई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द हत्यारों को पकड़कर मर्डर का खुलासा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications