'वादा करो पढ़ाई करोगे, चाय नहीं बेचोगे'....... इंटरनेट पर छाया IPS सुभाष दुबे का ये Video, जानिए क्यों?
नई दिल्ली, 02 फरवरी। वाराणसी के एसीपी सुभाष चंद्र दुबे सोशल मीडिया की चर्चित हस्तियों में से एक हैं, उनके वीडियो अक्सर लोगों के बीच सुर्खियां बन जाते हैं। उनका एक वीडियो इस वक्त भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है। ये वीडियो खुद सुभाष दुबे ने ही शेयर किया था। दरअसल वीडियो में सुभाष दुबे एक चाय बेचने वाले से बात कर रहे हैं, जिसमें वो कहते हैं कि 'वादा करो कि अपने बेटे को पढ़ने के लिए भेजोगे, तभी चाय पियेंगे'।

'मैं 13 साल का हूं सर, मैं स्कूल जाता हूं, मैं चाय भी बेचता हूं'
दरअसल शूलटंकेश्वर मंदिर क्षेत्र के पास पेट्रोलिंग करते हुए जब सुभाष दुबे पहुंचे तो वहां एक बच्चा हाथ में चाय की केतली लेकर दौड़कर उनके पास आता है और बड़े प्यार से पूछता है कि सर आप चाय पीयेंगे? जिस पर सुभाष दुबे उससे पूछ बैठते हैं कि 'आप पढ़ाई करते हो या सिर्फ चाय बेचते हो, क्या उम्र है आपकी' , जिसके जवाब में बच्चा बोलता है कि 'मैं 13 साल का हूं सर, मैं स्कूल जाता हूं, मैं पढ़ता भी हूं और चाय भी बेचता हूं।'

'बेटा ये उम्र आपकी पढ़ने की है'
जिस पर सुभाष दुबे कहते हैं कि 'बेटा ये उम्र आपकी पढ़ने की है, चाय बेचने की नहीं। आप किस स्कूल में पढ़ते हैं?' इस पर बच्चा बोलता है कि 'मैं महामना मालवीय इंटर कालेज में पढ़ता हूं, खाली समय में पिता की मदद करता हूं, अभी स्कूल बंद चल रहे हैं। सोमवार को खुलेगा तो मैं जऊंगा।' इस बीच बच्चे के पिता भी वहां आ जाते हैं, जिनसे सुभाष दुबे पूछते हैं कि 'क्या आप बेटे से दुकान पर काम कराते हैं?'

'आपके पास कोई आर्थिक समस्या है तो मुझे बताइए'
तो इसपर पिता ने कहा 'नहीं साहब, बेटा मेरे काम में सिर्फ सहयोग करता है, खाली वक्त में इधर-उधर घूमेगा इसलिए वो चाय बेच लेता है।' जिस पर सुभाष कहते हैं कि 'बच्चों के पास तो पढ़ाई ही होती है, खाली वक्त कहां होता है,आप इससे ये काम ना करवाइए। अगर आपके पास कोई आर्थिक समस्या है तो मुझे बताइए।' जिस पर बेटे का पिता बोला 'नहीं साहब कोई दिक्कत नहीं है। मैं खुद चाहता हूं कि मेरा बेटा पढ़े और आगे चलकर बड़ा काम करे।'
'ये उम्र आपके बच्चे के पढ़ने की है... '
जिस पर सुभाष दुबे ने कहा कि 'हां, ये उम्र आपके बच्चे के पढ़ने की है, इसे बेकार ना जाने दें, वादा करो बेटा तुम स्कूल जाओगे और पढ़ाई करोगे और एक वादा आपके पिताजी भी करें कि वो आपको स्कूल भेजेंगे, तभी हम ये चाय पियेंगे।' जिस पर बेटे और बेटे के पिता दोनों उनसे वादा करते हैं।
सुभाष दुबे बच्चे को 500 रु भी देते हैं
यही नहीं बच्चे की बात से प्रभावित होकर सुभाष दुबे बच्चे को 500 रु बतौर तोहफा देते हैं। आपको बता दें कि सुभाष दुबे का ये वीडियो इस वक्त आकर्षण का केंद्र बना है और लोग जमकर सुभाष दुबे और चाय वाले बच्चे की तारीफ कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications