दहेज के लालची ससुराली, गर्भवती को पीटा और सिर मुंडवाकर मायके में फेंक गए
हाथरस। उत्तर प्रदेश में हाथरस के सादाबाद कोतवाली से एक विवाहिता के साथ ससुरालियों ने जो किया, उसे सुन आप भी धिक्कारेंगे। दहेज के लिए अंधे ससुराल वालों ने एक गर्भवती महिला को लगातार प्रताड़ित किया, फिर सिर मुंडवाकर उसे मायके में छोड़कर चले गए।

8 माह की गर्भवती महिला, 4 साल पहले शादी हुई थी
पीड़िता के पिता ने पुलिस को शिकायत कर आरोपितों को सबक सिखाने की गुहार लगाई है। पीड़िता के पिता ने बताया कि 4 साल पहले उसकी बेटी की शादी अलीगढ़ के कासिमपुर पावर हाउस में रहने वाले परिवार में की थी। शादी के बाद से ही ससुराली बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। सोमवार दोपहर आरोपितों ने उसकी बेटी को मारा और सिर मुंडवाकर गांव की सड़क पर फेंक कर चले गए। खेतों में काम कर रहे लोगों ने महिला को बदहवास अवस्था में देखा तो उन्हें अवगत कराया। उसकी बेटी 8 माह की गर्भवती है और मारपीट से उसे काफी चोटें भी आईं हैं।''
2 वर्षीय पुत्र ससुराली जनों के पास ही
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों में बिल्कुल नहीं बन रही। पीड़िता की ओर से ससुरालियों से पहले भी दहेज को लेकर मुकदमा चल चुका है, लेकिन कुछ समय पहले आरोपी राजीनामा कर पीडिता को ससुराल ले गए थे। ससुराल में विवाहिता का 2 वर्षीय पुत्र भी है।
जांच के बाद कार्रवाई करेंगे: एसओ
इस मामले पर सादाबाद के एसओ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों का दहेज का मुकदमा पहले भी लिखा गया था, लेकिन तब राजीनामा हो गया था। अब फिर महिला के साथ मारपीट हुई है। जांच करा रहे हैं, पुन: मुकदमा लिखा जाएगा। वहीं, सीओ योगेश कुमार ने बताया कि पीड़ित उसके पास आए थे। वह जांच कराएंगे।












Click it and Unblock the Notifications