Maha Kumbh 2025: धनबाद की घटना को प्रयागराज से जोड़कर फैलाई गई अफवाह, पुलिस ने की सख्ती, 14 X अकाउंट्स पर FIR
Prayagraj Maha Kumbh 2025 को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार के निर्देश पर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अफवाहों की गहन निगरानी की जा रही है।
इस अभियान के तहत 14 एक्स अकाउंट को चिन्हित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग झारखंड के धनबाद में हुई पुरानी घटना का वीडियो शेयर कर इसे महाकुंभ से जोड़कर बता रहे थे।

इस वीडियो में दावा किया गया कि कुंभ में अपने गुमशुदा परिजनों को ढूंढ रहे श्रद्धालुओं पर पुलिस लाठीचार्ज कर रही है। जब इस वीडियो की सत्यता जांची गई तो पता चला कि यह घटना 1 जनवरी 2025 को धनबाद की थी, जिसका प्रयागराज महाकुंभ से कोई लेना-देना नहीं है।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से खुली पोल
उत्तर प्रदेश पुलिस की साइबर टीम लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए है। मॉनिटरिंग के दौरान पाया गया कि कुछ लोगों ने झूठी खबरें फैला कर जनता को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि ऐसे लोग धार्मिक आयोजन की छवि खराब करने की साजिश रच रहे हैं।
14 X अकाउंट पर मुकदमा दर्ज
प्रशासन ने इस मामले में 14 X अकाउंट्स को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इन अकाउंट्स पर फर्जी खबरें फैलाने, अफवाहों को बढ़ावा देने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप लगाए गए हैं। कोतवाली कुंभ मेला में इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फर्जी पोस्ट करने वाले X अकाउंट्स की सूची
पुलिस ने उन 14 एक्स अकाउंट्स की सूची भी जारी की है, जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है:
- R.N SONU ANSARI (@RNSONUANSARI1)
- लोकशाही मैं गुलाम (@india141951)
- DHARMESH SINGH (@dharmeshkumar37)
- Md Zubair Akhtar (@zubairakhtar_)
- Sanjay Kalyan (@sanjaykalyan_)
- किरण पट्टनायक (@kiran_patniak)
- Mahfooz Hasan (@MahfoozHasan16)
- Anand Kamble (@AKamble72444)
- बोलता बहुजन (@BoltaBahujan_)
- Zuber Khan (@ZuberKh14482101)
- शुभम कोरी (@D9cqyCj2Rd8zP3d)
- Satyapal Arora (@JanAwaaz3)
- Naveen Mishra (@NaveenM96466923)
- Ghanshyam Kumar (G.K. Bhartiya) (@gkbhartiya1992)
महाकुंभ 2025 की छवि खराब करने की साजिश
प्रयागराज प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि महाकुंभ 2025 की छवि धूमिल करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही किसी भी खबर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें।
उत्तर प्रदेश पुलिस की कड़ी चेतावनी
उत्तर प्रदेश पुलिस ने साफ कर दिया है कि धार्मिक आयोजनों को प्रभावित करने और समाज में अशांति फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने वालों पर साइबर क्राइम एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। अगर कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।












Click it and Unblock the Notifications