इश्क, साजिश और गोकशी का जाल! प्रेमी के लिए लिखा पति की बर्बादी का 'डेथ वारंट', पुलिस भी खा गई गच्चा
इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच में मंगलवार को जो हुआ, उसने सबको सन्न कर दिया। एक 'पढ़ी-लिखी' पत्नी ने अपने इंस्टाग्राम वाले प्रेमी के साथ मिलकर न केवल पति की जिंदगी नर्क बनाई, बल्कि अदालत की दहलीज से पुलिस को गच्चा देकर फिल्मी स्टाइल में रफूचक्कर भी हो गई।
इस कहानी की मुख्य किरदार AMU (अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी) से पोस्ट ग्रेजुएट महिला है। शादीशुदा जिंदगी की बोरियत के बीच उसे इंस्टाग्राम पर भोपाल का एक बीटेक पास युवक मिला। प्यार का परवान ऐसा चढ़ा कि पति 'कांटा' लगने लगा।

तलाक का रास्ता आसान करने के लिए पत्नी ने उसे किसी मामूली केस में नहीं, बल्कि 'गोकशी' जैसे संगीन और संवेदनशील मामले में फंसाने की साजिश रच डाली। यहां से अंदाजा लगाया जा सकता है कि पति से छुटकारा पाने का महिला पर ऐसा जुनून सवार था कि वह यह भी भूल गई कि इसका अंजाम क्या होगा।
पति को फंसाने के लिए दो बार रचा चक्रव्यूह
- पहला वार: पत्नी ने बड़ी चतुराई से पति की एसयूवी में 2 किलो मांस रखवाया और बाहर खबर फैला दी। इस घटना के बाद पति को सलाखों के पीछे जाना पड़ा।
- दूसरा वार: पति जेल से बाहर आया तो साजिश का 'पार्ट-2' शुरू हुआ। इस बार 10 किलो मांस ऑनलाइन बुक कर मंगवाया गया। मकसद था-पति को इतनी लंबी जेल हो कि रास्ते का कांटा हमेशा के लिए हट जाए।
पति की 'तीसरी आंख' ने बिगाड़ा खेल
महिला को अंदाजा नहीं था कि जिसे वह बेवकूफ समझ रही है, उस पति ने घर में 'सीक्रेट कैमरे' फिट कर रखे थे। जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो सीसीटीवी फुटेज ने सारे राज उगल दिए। वीडियो में पत्नी अपने सोए हुए पति के मोबाइल से ओटीपी (OTP) चुराती और साजिशें बुनती साफ नजर आई। पुलिस ने प्रेमी को तो दबोच लिया, लेकिन 'मास्टरमाइंड' बीवी पुलिस की पकड़ से दूर रही।
मंगलवार को जब पुलिस को भनक लगी कि आरोपी महिला कोर्ट परिसर में है, तो घेराबंदी की गई। पुलिसकर्मी वकील के चैंबर तक पहुंच गए, जिसे लेकर वकीलों ने मोर्चा खोल दिया। कोर्ट परिसर में जबरदस्त हंगामा और अफरा-तफरी मच गई। इसी शोर का फायदा उठाकर वह शातिर महिला पुलिस की नजरों के सामने से 'हवा' हो गई।
महिला फरार! खाकी पर गिरी गाज
इस ड्रामे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है। सुरक्षा में चूक और लापरवाही के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। फिलहाल, पुलिस अब उस 'फरार हसीना' की तलाश में खाक छान रही है जिसने अपनी शिक्षा और तकनीक का इस्तेमाल सिर्फ अपराध की स्क्रिप्ट लिखने में किया।












Click it and Unblock the Notifications