CM अखिलेश यादव का हर दांव फेल, शिवपाल को लौटाए गए सारे विभाग, गायत्री की भी वापसी
लखनऊ। समाजवादी पार्टी में चल रहे घमासान पर आखिरकार विराम लग गया। बेटे अखिलेश यादव और भाई शिवपाल यादव के बीच चल रहे सियासी दंगल का फैसला शुक्रवार को पार्टी मुखिया मुलायम सिंह ने कर दिया। इस दौरान अखिलेश यादव का कोई दांव काम नहीं आया और उनके सारे फैसले पलट दिए गए।

शुक्रवार शाम सीएम ऑफिस की ओर से आधिकारिक सूचना जारी की गई कि शिवपाल यादव के सारे पोर्टफोलियो वापस किए जाएंगे। साथ ही गायत्री प्रजापति की कैबिनेट में वापसी होगी। शिवपाल यादव सपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर भी काबिज रहेंगे।
सीएम ने शिवपाल से छीने थे विभाग
दो करीबी मंत्रियों को हटाए जाने से नाराज शिवपाल यादव ने बड़े भाई मुलायम सिंह यादव से अखिलेश की शिकायत की थी और खुद को नजरअंदाज किए जाने का भी आरोप लगाया था। इसके बाद सपा मुखिया ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष का पद अखिलेश से छीनकर शिवपाल को दे दिया था। इस फैसले से नाराज अखिलेश ने शिवपाल से राजस्व, सिंचाई और पीडब्ल्यूडी, तीन अहम विभाग छीन लिए थे और उनमें से पीडब्ल्यूडी को अपने पास रख लिया था।
शिवपाल ने दिया था इस्तीफा
तीन विभाग छीने जाने से नाराज शिवपाल ने गुरुवार देररात पार्टी और सरकार के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। कहा जा रहा था कि उनकी पत्नी और बेटे ने भी सरकार के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि शुक्रवार को पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक में मुलायम सिंह यादव ने समस्या सुलझा दी। उन्होंने सीएम अखिलेश यादव के सभी फैसले पलट दिए।
यूपी सीएम ऑफिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से सरकार में गायत्री प्रजापति की वापसी और शिवपाल यादव को लेकर जानकारी दी गई।












Click it and Unblock the Notifications