क्या Virat Kohli ने मजबूरी में छोड़ा टेस्ट क्रिकेट? भारतीय खिलाड़ी की पत्नी के सामने छलका किंग का दर्द!
Virat Kohli Retire From Test Cricket: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में शुमार विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से अपने संन्यास के करीब एक साल बाद चुप्पी तोड़ी है। कोहली ने आरसीबी (RCB) के एक पॉडकास्ट में उन परिस्थितियों पर खुलकर बात की, जिन्होंने उन्हें सफेद जर्सी को अलविदा कहने पर मजबूर किया। कोहली के बयानों से साफ पता चलता है कि चयनकर्ताओं और मैनेजमेंट के साथ उनके तालमेल में कहीं न कहीं कमी आई थी।
टेस्ट से संन्यास को लेकर बोले कोहली (Virat Kohli Retire From Test Cricket)
विराट कोहली ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। संन्या पर उन्होंने भारतीय क्रिकेटर स्टुअर्ट बिन्नी की पत्नी मयंती लैंगर से एक पॉडकास्ट में कहा कि मेरा दृष्टिकोण बहुत स्पष्ट है। अगर मैं टीम के माहौल में कुछ नया जोड़ सकता हूं और मैनेजमेंट को भी ऐसा लगता है, तो मैं मैदान पर दिखूंगा। लेकिन अगर मुझे ऐसा महसूस कराया जाए कि मुझे बार-बार अपनी वर्थ साबित करनी है तो मैं उस मानसिक स्थिति में नहीं हूं।

'खेल के प्रति हमेशा रहा ईमानदार'
कोहली ने आगे कहा कि वह अपनी तैयारी और खेल के प्रति हमेशा ईमानदार रहे हैं और जब सम्मान पर बात आती है, तो वे पीछे हटना बेहतर समझते हैं। कोहली के टेस्ट करियर का अंतिम दौर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। साल 2024-25 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पर्थ टेस्ट में शतक लगाने के बाद उनका बल्ला खामोश हो गया था। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने उनकी ऑफ-स्टंप के बाहर की कमजोरी को पकड़ लिया था।
उस पूरी सीरीज में कोहली ने 9 पारियों में महज 23.75 की औसत से 190 रन बनाए थे। इसके बाद घरेलू क्रिकेट और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में भी उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, जिसने संन्यास की पटकथा लिख दी। टेस्ट से दूरी बनाने के बाद कोहली का पूरा ध्यान अब सीमित ओवरों के क्रिकेट पर है। आईपीएल 2026 में उनका बल्ला जमकर बोल रहा है। कोहली ने 12 पारियों में 53.77 की औसत से 484 रन बनाए हैं।
क्या खेलेंगे 2027 वर्ल्ड कप?
पिछले मैच में लगातार दो 'डक' (शून्य) पर आउट होने के बाद उन्होंने कोलकाता के खिलाफ शानदार शतक जड़कर वापसी की। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने 12 में से 8 मैच जीतकर प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। वर्ल्ड कप खेलने के सवाल पर कोहली ने साफ किया कि वह दक्षिण अफ्रीका में होने वाले टूर्नामेंट का हिस्सा बनना चाहते हैं, बशर्ते उनकी फिटनेस और टीम में उनकी भूमिका स्पष्ट हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केवल नाम के लिए नहीं, बल्कि टीम की जीत में योगदान देने के लिए खेलना चाहते हैं।















Click it and Unblock the Notifications