काशी पहुंचे मोदी ने योगी की तारीफ में पढ़े कसीदे, कहा- कोरोना काल में किया शानदार काम
वाराणसी, 15 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश पहुंचे हैं। यहां अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उन्होंने करीब 1500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकार की जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह से कोरोना फैला, उससे निपटना आसान नहीं था लेकिन कोरोना की रोकथाम के लिए योगी आदित्यनाथ की सरकार ने बढ़िया काम किया।

कोरोना ने पूरी ताकत से हमला किया था: मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज काशी के विकास से जुड़े 1500 करोड़ रुपए से अधिक परियोजनाओं का शिलन्यास और लोकार्पण करने का अवसर मुझे मिला लेकिन बीते कुछ महीने हम सभी के लिए बहुत मुश्किल भरे रहे। कोरोना वायरस के बदलते हुए और खतरनाक रूप ने पूरी ताकत के साथ हमला किया था। काशी सहित यूपी ने पूरे सामर्थ्य के साथ इतने बड़े संकट का मुकाबला किया। कोरोना से निपटने में उत्तर प्रदेश के प्रयास उल्लेखनीय हैं। देश का सबसे बड़ा प्रदेश जिसकी आबादी दुनिया के दर्जनों बड़े-बड़े देशों से भी ज्यादा हो, वहां कोरोना की दूसरी लहर को जिस तरह संभाला गया, कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका वो अभूतपूर्व है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पूरे देश में आज कोरोना की सबसे ज़्यादा टेस्टिंग करने वाला राज्य है। वहीं उत्तर प्रदेश पूरे देश में सबसे ज़्यादा वैक्सीनेशन भी हो रहा है। साफ-सफाई और स्वास्थ्य से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर भी यूपी में तैयार हो रहा है। आज यूपी में गांवों के स्वास्थ्य केंद्र हों, मेडिकल कॉलेज हों, एम्स हो, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में अभूतपूर्व सुधार हो रहा है। अभी यूपी में करीब 550 ऑक्सीजन प्लांट्स बनाने का काम तेजी से चल रहा है।
अग्रणी इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा यूपी: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। कुछ साल पहले तक जिस यूपी में व्यापार-करोबार करना मुश्किल माना जाता था, आज मेक इन इंडिया के लिए यूपी पसंदीदा जगह बन रहा है। यूपी में सरकार आज भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद से नहीं विकासवाद से चल रही है। इसीलिए आज यूपी में जनता की योजनाओं का लाभ सीधा जनता को मिल रहा है और नए-नए उद्योगों का निवेश हो रहा है, रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऐसा नहीं है कि 2017 से पहले यूपी के लिए योजनाएं नहीं आती थीं, पैसा नहीं भेजा जाता था। तब भी दिल्ली से इतने ही तेज प्रयास होते थे लेकिन लखनऊ में उनमें रोड़ा लग जाता था। आज योगी आदित्यनाथ खुद कड़ी मेहनत कर रहे हैं। आज यूपी में कानून का राज है।
बनास को लेकर ये बोले मोदी
अपने संसदीय क्षेत्र को लेकर मोदी ने कहा कि आज बनारस में 14 ऑक्सीजन प्लांट्स यहां लोकार्पण भी किया गया है।काशी के मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में आज कुछ और कड़ियां जुड़ रही हैं। आज महिलाओं और बच्चों की चिकित्सा से जुड़े नए अस्पताल काशी को मिल रहे हैं। इसमें से 100 बेड की क्षमता बीएचयू में और 50 बेड जिला अस्पताल में जुड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications