UP Polls 2022: यूपी में आज अंतिम चरण की वोटिंग, PM, CM, अखिलेश ने लोगों से की वोट करने की अपील
लखनऊ, 07 मार्च। उत्तर प्रदेश में आज विधानसभा चुनाव के सातवे और अंतिम चरण का मतदान चल रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश वासियों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। पीएम मोदी ने ट्वीट करके लिखा, उत्तर प्रदेश में आज लोकतंत्र के महायज्ञ की पूर्णाहुति का दिन है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के मतदान में पूरे जोश-खरोश से भाग लें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेश की जनता से आखिरी चरण में बढ़-चढ़कर वोट करने की अपील की है।

योगी आदित्यनाथ ने की अपील
योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके लिखा, उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव-2022 का आज अंतिम चरण है। सभी सम्मानित मतदाता गण राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन की विजय के लिए मतदान अवश्य करें। आपका एक वोट माफियावादियों, दंगावादियों और घोर परिवारवादियों से आपके प्रदेश को बचाएगा। अतः पहले मतदान करें फिर जलपान करें। वहीं इससे पहले एक वीडियो संदेश जारी करके योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अपने निर्णायक दौर में आ चुका है, अब तक छह चरणों में हुए मतदान का रुझान भाजपा के पक्ष में स्पष्ट दिखाई दे रह है।
गिनाया पांच साल का काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक मजबूत ,स्थाई और दमदार सरकार बनाने के लिए सातवे चरण का मतदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। पिछले पांच वर्षों में भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने जो भी किया पूरी श्रद्धा और प्रतिबद्धता के साथ किया। आपकेभरोसे का मान रखते हुए हमने जो कहा वो करके दिखाया है। विगत पांच वर्षों में यूपी में बहुत कुछ अभूतपूर्व हुआ है। पहली बार है जब एक लाख गांव में बिजली पहुंची है, कुछ लोग शायद कल्पना ना कर पाएं कि इससे करोड़ो लोगों के घर में क्या बदलाव आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने दो करोड़ 61 लाख घरों में शौचालय की सुविधा दी है, यह हमारे लिए वोट प्राप्त करने का साधन नहीं बल्कि स्वच्छता से अधिक, यह हमारे लिए नारी गरिमा और सुरक्षा का प्रश्न है।
अखिलेश यादव ने लोकतंत्र को बलवान बनाने की अपील की
वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी लोगों से वोट करने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट करके लिखा, नव शुभारंभ के लिए आज सातवें और अंतिम चरण में अपना वोट अवश्य डालें, साथ ही अन्य मतदाताओं को भी अपने-अपने मताधिकार के सदुपयोग के लिए प्रेरित करें! जितना अधिक मतदान होगा, लोकतंत्र उतना अधिक बलवान होगा। जबकि सपा के साथ इस बार मिलकर चुनाव लड़ रहे जयंत सिंह नेअमित शाह के बयान पर तंज कसते हुए लोगों से वोट अपील की। उन्होंने ट्वीट करके लिखा, नौजवानों-बारहवीं पास करने के बाद इंटर में दाखिला मत ले लेना, सूझबूझ के साथ वोट करें।
मायावती ने क्या कहा
वहीं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायवती ने भी लोगों ने से वोट अपील की है। उन्होंने ट्वीट करके लिखा, यूपी में पूर्वांचल के 9 ज़िलों की 54 विधानसभा सीट पर आज 7वें व अन्तिम चरण के मतदान में वोटरों की भारी भागीदारी जरूरी ताकि आपके वोट की ताकत से छलावा व वादाखिलाफी आदि से मुक्त जनहित व जनकल्याण को समर्पित आपकी आजमाई हुई बीएसपी सरकार यहाँ बन सके, जिसमें ही सबका हित सुरक्षित। साथ ही, जातिवादी, साम्प्रदायिक, संकीर्ण, द्वेषपूर्ण व अहंकारी सोच से काम करने वाली सरकार से मुक्ति मिल सके जिसकी चक्की में यूपी की जनता पिछले 10 वर्षों से पिस रही है तथा 'अच्छे दिन' के इंतजार में कभी सपा तो कभी भाजपा पर बेवजह भरोसा करती रही है। केवल बीएसपी पर ही भरोसा उचित। बीएसपी का यूपी में पिछले चारों शासनकाल की 'बातें कम व काम अधिक' का बेहतरीन रिकार्ड प्रत्यक्ष प्रमाणों के साथ जनता के सामने है। इसीलिए सर्वसमाज से अपील है कि 'हर पोलिंग बूथ को जिताना है, बीएसपी को सत्ता में लाना है' के संकल्प के साथ बेहतर यूपी बनाने का ईमानदार प्रयास जारी रखें।












Click it and Unblock the Notifications