आखिरी दौर में फूलपुर उपचुनाव, सभी पार्टियों ने झोंकी अपनी ताकत
इलाहाबाद। फूलपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए अब हर दल व प्रत्याशी ने प्रचार प्रसार में पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा, सपा और कांग्रेस पूरी तरह एक दूसरे पर आक्रामक हो गए हैं और वोट बटोरने के लिए बड़े नेताओं का इलाहाबाद पहुंचने का क्रम जारी है। सपा-बसपा गठबंधन से बने समीकरण को तोड़ने के लिए गुरूवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इलाहाबाद में हैं और भाजपा प्रत्याशी कौशलेंद्र के लिए आखिरी समय में चुनावी गोटी सेट करेंगे। वहीं शुक्रवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी इलाहाबाद आएंगे और गठबंधन के समीकरण को धार देकर जीत का ताना-बाना बुनेंगे।

अखिलेश कल करेंगे रोड शो
अखिलेश यादव शुक्रवार को इलाहाबाद आ रहे हैं और यहां पर उनका रोड शो भी आयोजित किया गया है, जबकि वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह तय है कि अखिलेश यादव बसपा के कैडर मतों का ध्रुवीकरण करने के लिए विशेष योजना बनाकर इलाहाबाद आ रहे हैं और उसे भुनाने में वह कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।

अखिलेश के कार्यक्रम में सपा-बसपा के झंडे
अखिलेश यादव शुक्रवार को बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से प्रचार रथ पर सवार होकर शहर पश्चिमी और उत्तरी के विभिन्न मोहल्ले से होते हुए तकरीबन 2:00 बजे शांतिपुरम में जनसभा को संबोधित करेंगे। सपा के जिला अध्यक्ष ने बताया कि अखिलेश यादव के रथ पर सपा और बसपा के झंडे तो होंगे। साथ ही बसपा के स्थानीय नेताओं को भी रोड शो में शामिल किया जाएगा।

बीजेपी ने झोंकी ताकत
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडे, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, मंत्री रीता बहुगुणा जोशी समेत कई बड़े नेता लगातार इलाहाबाद में प्रवास कर रहे हैं और फूलपुर उपचुनाव के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। उसी कड़ी में गुरुवार को इलाहाबाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी प्रचार करने के लिए पहुंचे है। यह दूसरी बार है जब योगी फूलपुर उपचुनाव के लिए प्रचार करने आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications