Noida Engineer Accident: युवराज की मौत मामले में 5 नामजद आरोपियों पर दूसरी FIR, तीन बिल्डर गिरफ्तार
Noida Engineer Yuvraj Mehta Death Case: नोएडा के सेक्टर 150 में 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की दर्दनाक मौत के मामले में कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। नोएडा पुलिस ने इस मामले में अब दूसरी एफआईआर (FIR) दर्ज की है, जिसमें पांच लोगों को नामजद किया गया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल तीन गिरफ्तारी की हैं।
पुलिस ने इस बार सामान्य लापरवाही के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराएं भी लगाई हैं।

दूसरी FIR में किस-किस पर गिरी गाज?
नई एफआईआर (FIR) में प्लॉट और प्रोजेक्ट से जुड़े पांच प्रमुख नामों को शामिल किया गया है। इनमें अभय कुमार, संजय कुमार, मनीष कुमार, अचल बोहरा और निर्मल कुमार के नाम दर्ज हैं। जानकारी के मुताबिक, अभय कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य की भूमिका की जांच जारी है।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि जिस गड्ढे में गिरकर युवराज की जान गई, वह साल 2021 से खुदाई के बाद पानी से भरा पड़ा था। इतने लंबे समय से जमा पानी और निर्माण स्थल पर सुरक्षा के लिए कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड न होना बिल्डर की बड़ी लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है। इसी कारण अब इस मामले को सिर्फ एक हादसा न मानकर पर्यावरणीय अपराध की श्रेणी में रखा गया है।
ये भी पढ़िए- Noida Engineer Death: डराता रहा पानी-सरिया-अंधेरा...कुहासे में डूबा सिस्टम और गड्ढे में समा गया युवराज
कोर्ट ने उठाए तीखे सवाल
बुधवार को जब गिरफ्तार बिल्डर अभय कुमार को सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय में पेश किया गया, तो अदालत ने बेहद कड़ी टिप्पणी की। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पुलिस से पूछा कि जब सालों से इस स्थल को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, तो समय पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जांच में यह साफ होना चाहिए कि टूटी नाली और बैरिकेडिंग न होने के लिए असल में कौन जिम्मेदार है। फिलहाल, आरोपी बिल्डर को 27 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
रडार पर कई विभाग
युवराज के पिता राजकुमार मेहता की न्याय की मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने एसआईटी (SIT) गठित कर दी है। इसके प्रभाव से नोएडा अथॉरिटी के सीईओ को पहले ही हटाया जा चुका है। बुधवार को अथॉरिटी के अधिकारी एसआईटी के तीखे सवालों के जवाब तैयार करने में जुटे रहे। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जिला प्रशासन, पुलिस, और अग्निशमन विभाग के कई अन्य अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है।
अब तक तीन बिल्डर गिरफ्तार
पुलिस ने दो और बिल्डरों को गिरफ्तार किया है। ताजा कार्रवाई में 'लॉट्स ग्रीन' के बिल्डर रवि बंसल और सचिन कर्णवाल को हिरासत में लिया गया है। इससे पहले, पुलिस 'विश टाउन' के बिल्डर अभय कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। इस तरह अब तक कुल तीन बिल्डरों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि मामले में नामजद दो अन्य बिल्डर अभी भी फरार हैं जिनकी तलाश में छापेमारी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications