Uri: 'प्रेमिका से मिलने आया हूं', बॉर्डर पार कर भारत में घुसा पाकिस्तानी युवक, पूछ-ताछ में चौंकाने वाला दावा
PoK youth arrested In Uri: जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में एलओसी पर सुरक्षा बलों ने एक ऐसा मामला पकड़ा है जिसने सभी को हैरान कर दिया। सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से भारत में घुसे एक युवक को हिरासत में लिया है। युवक की पहचान मुजफ्फराबाद निवासी जीशान मीर के रूप में हुई है।
पूछताछ में उसने दावा किया कि वह उरी की रहने वाली अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए एलओसी पार करके भारत आया था। वहीं दूसरी तरफ तीन स्थानीय लोगों को भी पीओके में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया है। दोनों मामलों की जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं।

Zeeshan Mir PoK Youth Arrested: एलओसी पार कर भारत पहुंचा जीशान मीर
उरी सेक्टर के सिलीकोट इलाके में सेना ने एक युवक को संदिग्ध हालात में पकड़ा। जांच में पता चला कि वह पीओके के मुजफ्फराबाद का रहने वाला जीशान मीर है। शुरुआती पूछताछ में मीर ने दावा किया कि वह किसी मिशन के लिए नहीं बल्कि अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने आया था। उसने बताया कि उसकी प्रेमिका उरी के तिलाई इलाके में रहती है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां उसके दावे को पूरी तरह सच मानने से पहले हर एंगल से जांच कर रही हैं। सेना और पुलिस उसके भारत आने के रास्ते और मकसद की पड़ताल कर रही हैं।
ये भी पढे़ं: Hamza Burhan:'डॉक्टर पुलवामा’ से आतंक के मास्टरमाइंड तक! कौन था हमजा बुरहान, पुलवामा हमले में क्या था उसका रोल
लड़की और युवक दोनों से पूछताछ जारी
सुरक्षा एजेंसियों ने सिर्फ जीशान मीर ही नहीं बल्कि उस लड़की से भी पूछताछ शुरू कर दी है जिसका नाम युवक ने लिया है। अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि दोनों के बीच कब से संपर्क था और क्या यह मामला सिर्फ प्रेम संबंध का है या इसके पीछे कोई दूसरा मकसद भी छिपा हो सकता है। जांच एजेंसियां मोबाइल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों को वेरिफाई किया जा रहा है।
POk जाने की कोशिश में तीन लोग गिरफ्तार
इसी बीच उरी सेक्टर में एक और बड़ी घटना सामने आई। बारामूला जिले के सोपोर इलाके के तीन लोगों को एलओसी पार कर पीओके जाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तार लोगों की पहचान आदिल हुसैन डार, इश्फाक अहमद और जफर अहमद के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक आदिल हुसैन डार टेरिटोरियल आर्मी की 161 यूनिट का सस्पेंडेड जवान है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों पीओके में मौजूद कुछ हैंडलर्स के संपर्क में थे। फिलहाल उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढे़ं: Trump India Map: अमेरिका ने PoK और अक्साई चिन को माना भारत का हिस्सा, मेप जारी कर चीन-पाकिस्तान को दिया झटका
एलओसी पर लगातार बढ़ी हुई निगरानी
जम्मू-कश्मीर में करीब 740 किलोमीटर लंबी एलओसी सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील मानी जाती है। सेना यहां घुसपैठ, ड्रग्स तस्करी, हथियारों की सप्लाई और ड्रोन एक्टिविटी पर नजर रखती है। पिछले कुछ वर्षों में पीओके से ड्रोन के जरिए हथियार, गोला-बारूद, नकदी और नशीले पदार्थ भेजने की कई कोशिशें सामने आ चुकी हैं। इसी वजह से सेना ने हाईटेक एंटी-ड्रोन सिस्टम और एडवांस्ड सर्विलांस तकनीक तैनात की है। उरी में सामने आए ताजा मामलों के बाद सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications