सपा ने मुसलमानों का इस्तेमाल बिरयानी में तेजपत्ते की तरह किया: नसीमुद्दीन
बहुजन समाज पार्टी ने कहा, सपा ने मुसलमानों से झूठी हमदर्दी दिखाई है।
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सीनियर नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी पर मुसलमानों को धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सपा ने अपने फायदे के लिए मुसलमानों का वोट लिया लेकिन उनके लिए कुछ नहीं किया।

लखनऊ में बसपा के भाईचारा सम्मेलन में जुटे मुस्लिमों को संबोधित करते हुए बसपा का मुस्लिम चेहरा कहे जाने वाले नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि जब बिरयानी बनाई जाती है, तो उसमें खुशबू और स्वाद के लिए तेजपत्ता डालना कोई नहीं भूलता लेकिन तेजपत्ते को बिरयानी बनने के बाद निकाल दिया जाता है।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि तेजपत्ते जैसा ही बर्ताव सपा ने मुसलमानों के साथ किया है। मुसलमानों के वोट से सपा ने सरकार बनाई लेकिन सरकार बनने के बाद मुसलमानों की सुध नहीं ली।
सपा सरकार में 400 से ज्यादा सांप्रदायिक दंगे
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि सपा सरकार में 400 से ज्यादा सांप्रदायिक दंगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि दंगे सरकार की शह पर ही हुए हैं। सिद्दीकी ने कहा कि वो कहते हैं कि दंगे अचानक हो जाते हैं तो फिर अचानक बसपा की सरकार में दंगे क्यों नहीं होते, सपा की सरकार में ही क्यों होते हैं।
नसीमु्द्दीन सिद्दीकी ने दलितों और मुसलमानों से बसपा के पक्ष में एकजुट हो जाने की अपील की। सिद्दीकी ने कहा कि देशभर में दलितों और मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है, उनके साथ हिंसा हे रही है।
सिद्दीकी ने कहा कि मुसलमान और दलित बीफ और गाय के नाम पर एक-दूसरे पर हो रहे जुल्मों को रोजाना देख रहे हैं तो फिर साथ क्यों नहीं आ रहे। दलित-मुस्लिमों को मिलकर अपने हकों के लिए लड़ाई लड़नी चाहिए।
पिछले कुछ समय में बसपा सुप्रीमो मायावती भी कई दफा मुसलमानों से आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी के पक्ष में वोट करने की अपील कर चुकी हैं। मायवाती का कहना है कि बसपा ही भाजपा को यूपी में सरकार बनाने से रोकने में सक्षम हैं।












Click it and Unblock the Notifications