'अलाव नहीं, तुम्हारी चिता न जलवा दूं', नसीम सोलंकी और बीजेपी नेता धीरज चड्ढा के बीच तकरार, एफआईआर दर्ज
UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां भारतीय जनता पार्टी के नेता धीरज चड्ढा ने समाजवादी पार्टी (सपा) की सीसामऊ विधानसभा सीट से नवनिर्वाचित विधायक नसीम सोलंकी से फोन पर अभद्रता की और उन्हें मारने-पीटने की धमकी दी। इसके अलावा, चड्ढा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी अपशब्द कहे हैं। इस पूरी बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
अलाव नहीं, तुम्हारी चिता न जलवा दें
ऑडियो में धीरज चड्ढा नसीम सोलंकी से कह रहा है, "तुम घर में बैठकर क्या कर रही हो? हिंदू मोहल्लों में अलाव नहीं जलवा रही। मैं तुम्हें पीटूंगा। तुम हमें साइको लग रही हो।" इसके जवाब में नसीम सोलंकी ने कहा, "अलाव नहीं, तुम्हारी चिता न जलवा दें... बेवकूफ आदमी। एक काम करो, मेरे पास आओ, हम तुम्हारा यहीं इलाज करवा दें।"

नसीम सोलंकी ने इस घटना के बाद कहा कि वह धीरज चड्ढा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी और अपनी लीगल टीम से सलाह लेकर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करेंगी। उनका कहना है कि उन्होंने पहले भी चड्ढा के खिलाफ नोटिस भेजा था, जब मामला मंदिर में पूजा अर्चना से जुड़ा था।
उपचुनाव के दौरान भी दी थी नसीम सोलंकी को धमकी
धीरज चड्ढा ने इस मामले में अपनी सफाई दी और कहा कि उसकी आवाज वायरल हो रहे ऑडियो में है। उन्होंने बताया कि उन्होंने नसीम से पूछा था कि वह मुस्लिम क्षेत्रों में ही अलाव क्यों जलवा रही हैं, हिंदू क्षेत्रों में क्यों नहीं, और जब नसीम ने उन्हें चिता जलवाने की बात कही, तो उन्होंने गुस्से में आकर उन्हें पीटने की धमकी दी।
उल्लेखनीय है कि धीरज चड्ढा ने उपचुनाव के दौरान भी नसीम सोलंकी को धमकी दी थी, जब नसीम ने शिव मंदिर में जाकर पूजा की थी। हालांकि उस समय नसीम ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की थी, लेकिन इस बार उन्होंने कड़ा कदम उठाने का फैसला किया है।
धीरज चड्ढा के खिलाफ एफआईआर दर्ज
इस पूरे मामले में पुलिस ने धीरज चड्ढा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और छापेमारी की भी जानकारी मिल रही है। पुलिस का कहना है कि यदि शिकायत मिलती है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।सपा के कार्यकर्ताओं ने इस घटना के विरोध में धरना दिया है और धीरज चड्ढा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सपा नेताओं ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए
बीजेपी नेता धीरज चड्ढा द्वारा सपा विधायक नसीम सोलंकी को धमकी देने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले की जांच अब एडीसीपी सेंट्रल राजेश श्रीवास्तव को सौंप दी गई है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि वायरल ऑडियो में आवाज किसकी है, लेकिन जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। हरीश चंदर, एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है और जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
भड़के सपा नेता, कहा-इसे अपने स्तर पर देखेंगे
इस घटना पर सपा नेताओं ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा, "भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया है। जिस दिन महिला सम्मेलन हो रहा था, उसी दिन यह अपमानजनक ऑडियो सामने आया है। भाजपा महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। प्रशासन और शासन इस पर कोई संज्ञान नहीं ले रहे। यदि प्रशासन से कोई कार्रवाई नहीं होती, तो सपा कार्यकर्ता इसे अपने स्तर पर देखेंगे।"
वही सपा नेता मुनींद्र शुक्ला ने कहा, "इस मामले में तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। जब पुलिस रील्स जैसे मामूली मामलों पर तुरंत एक्शन ले सकती है, तो यह तो एक गंभीर मामला है। इसमें भी तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक के खिलाफ असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, जो कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।"












Click it and Unblock the Notifications