'व्यर्थ नहीं जाएगा जवानों का बलिदान,लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी', बीजापुर नक्सल हमले पर बोले CM विष्णुदेव साय
Chhattisgarh Naxal Attack: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के कुटरू इलाके में माओवादियों ने सुरक्षा बलों के वाहन पर IED ब्लास्ट कर दिया, जिसमें 8 जवान और 1 ड्राइवर शहीद हो गए। इस हमले की खबर आने के बाद राज्य और केंद्र सरकार के नेताओं ने शोक व्यक्त किया और शहीद जवानों की शहादत को श्रद्धांजलि अर्पित की।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीजापुर जिले के कुटरू इलाके में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, "बीजापुर जिले के कुटरू में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 8 जवानों सहित एक वाहन चालक के शहीद होने की खबर अत्यंत दुःखद है।"उन्होंने शहीद जवानों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, "मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।"

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।
साय ने कहा कि पूरा देश जानता है कि हमारी सरकार को सत्ता में आए 1 साल से ज्यादा हो गया है. हमारे जवान नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ रहे हैं, केंद्रीय गृह मंत्री भी मार्च 2026 तक नक्सलवाद को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुझे विश्वास है कि उनका संकल्प पूरा होगा।
शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा: उप मुख्यमंत्री अरुण साव
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस हमले को लेकर कहा, "बीजापुर से नक्सलियों द्वारा किए गए इस कायरतापूर्ण हमले की जानकारी मिली है। मैं शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं... यह एक कायरतापूर्ण हरकत है... जवान नक्सलियों को समाप्त करने की दिशा में काम कर रहे हैं और नक्सलियों ने निराशा और हताशा में यह कदम उठाया है। शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।"
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कही बड़ी बात
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस घटना पर कहा, "जब भी उनके खिलाफ बड़े ऑपरेशन होते हैं, ये नक्सली कायरतापूर्ण हमले करते हैं... मैं इस हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं... छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार जो बड़े कदम उठा रही है, वह इस दिशा में आगे बढ़ेंगे।"
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया शहीदों को सलाम
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस हमले पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा, "बीजापुर से आ रही खबर बेहद दुखद है। कुटरू में माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों के वाहन पर IED ब्लास्ट किया गया है, जिसमें 8 जवान और एक वाहन चालक के शहीद होने की सूचना है। हम सभी शहीदों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनकी शहादत को कोटि-कोटि सलाम करते हैं। लोकतंत्र विरोधी ताकतों के खिलाफ हम सब एकजुट हैं।"
नक्सलियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन के बाद हुआ हमला**
छत्तीसगढ़: बस्तर रेंज के IG पी. सुंदरराज ने बीजापुर जिले में हुए IED विस्फोट पर बयान दिया है। उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों के सीमावर्ती इलाकों में पिछले तीन दिनों से नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इस दौरान सुरक्षा बलों ने 5 माओवादियों के शव बरामद किए और एक जवान शहीद हो गया।
उन्होंने आगे कहा, "जब हमारी टीम ऑपरेशन के बाद वापस लौट रही थी, तब बीजापुर जिले के अंबेली इलाके में माओवादियों ने एक IED लगाया था। इस विस्फोट के कारण हमारे सुरक्षा बलों का एक वाहन इसकी चपेट में आ गया, जिसमें 8 जवान और एक ड्राइवर शहीद हो गए।"
IG सुंदरराज ने यह भी कहा कि पूरी घटना की जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी। यह हमला नक्सलियों की निराशा और हताशा को दर्शाता है, क्योंकि सुरक्षा बल लगातार उनके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications